क्रिकेट

हार्दिक पांड्या के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज, T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद कर दी यह बड़ी गलती

Hardik Pandya National Flag Insult Case: भारत ने रविवार, 8 मार्च 2026 को फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही भारत टूर्नामेंट को तीन बार जीतने वाली पहली टीम और घरेलू मैदान पर ट्रॉफी उठाने वाली पहली टीम बन गई। जीत के जश्न के दौरान घटी एक घटना पर हार्दिक पांड्या के खिलाफ पुणे में एक शिकायत दर्ज कराई गई है।

Image

हार्दिक पांड्या के खिलाफ शिकायत दर्ज। फोटो- PTI

Complaint Filed Against Hardik Pandya: भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या कानूनी मुश्किल में फंसते हुए नजर आ रहे हैं। पुणे के एक वकील ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि रविवार को अहमदाबाद में टी20 विश्व कप जीत के जश्न के दौरान उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय ध्वज का अपमान गया। पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत, भारत द्वारा रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतने के बाद नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मैदान पर किए गए जश्न से संबंधित है।

एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को पुष्टि की कि अधिवक्ता वाजिद खान ने इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत आवेदन दाखिल किया है। हालांकि, उन्होंने इस बारे में और अधिक जानकारी नहीं दी। शिकायत के अनुसार, भारतीय टीम के टी20 वर्ल्ड कप जीत के जश्न के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। ऐसे ही एक वीडियो में, पांड्या को भारतीय तिरंगे को अपने कंधों पर लपेटे हुए मैदान पर नाचते और दौड़ते हुए जश्न मनाते देखा गया।

तिरंगा लपेटे प्रेमिका के साथ किया डांस

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि समारोह के दौरान, पांड्या अपनी प्रेमिका महीका शर्मा के साथ मंच पर लेटे हुए देखे गए। जबकि तिरंगा उनके ऊपर लिपटा हुआ था, जिसे शिकायतकर्ता राष्ट्रीय ध्वज का अपमान मानता है।

वाजिद ने एएनआई से बात

एएनआई से बात करते हुए शिकायत कर्ता वाजिद ने कहा, 'आपने टी20 विश्व कप देखा होगा। हार्दिक पांड्या अपनी जीत का जश्न मनाते हुए अपनी गर्लफ्रेंड के साथ नाच रहे थे। उनकी पीठ पर राष्ट्रीय ध्वज बंधा हुआ था। 1971 के राष्ट्रीय ध्वज अधिनियम की धारा 2 के अनुसार, हमें राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का सम्मान करना चाहिए। हालांकि, हार्दिक पांड्या अपनी जीत के जश्न में इतने मग्न थे कि वे अपनी प्रेमिका के साथ राष्ट्रीय ध्वज ओढ़े हुए लेटे हुए थे। मेरा मानना है कि यह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है।'

पुलिस ने दर्ज की शिकायत

खान ने आगे कहा कि पुलिस ने शुरू में उन्हें बताया कि घटना अहमदाबाद में हुई थी, लेकिन उन्होंने तर्क दिया कि राष्ट्रीय ध्वज पूरे देश का प्रतिनिधित्व करता है और इसलिए पुणे में भी शिकायत दर्ज की जा सकती है। उन्होंने कहा, 'मैंने शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मेरी शिकायत स्वीकार कर ली है और मुझे उसकी एक प्रति भी दे दी है। देखते हैं आगे क्या होता है।'

फैंस ने दी मिली-जुली प्रतिक्रिया

इस घटना पर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। जहां कई क्रिकेट फैंस ने इसे ऐतिहासिक जीत के बाद के उत्साहपूर्ण जश्न का हिस्सा बताकर खारिज कर दिया। वहीं, कुछ लोगों का मानना था कि उत्सव के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के साथ अधिक सावधानी से व्यवहार किया जाना चाहिए था।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article