क्रिकेट

ऋषभ पंत ने आधी रात को मांगी जमीन तो उत्तराखंड के CM का आया ये जवाब

CM Pushkar Singh Dhami to Rishabh Pant: श्रीलंका दौरे की तैयारी के बीच ऋषभ पंत ने सीधे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अपने राज्य में जमीन खरीदने में मदद मांगी थी। इसके कुछ ही घंटों बाद CM पुष्कर धामी का जवाब भी आ गया है।

Image

ऋषभ पंत को CM का जवाब (फोटो साभार- X)

CM Pushkar Singh Dhami to Rishabh Pant: टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने आधी रात को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करके सबको चौंका दिया था। श्रीलंका दौरे की तैयारी के बीच पंत ने सीधे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अपने राज्य में जमीन खरीदने में मदद मांगी थी। इसके कुछ ही घंटों बाद CM पुष्कर धामी का जवाब भी आ गया है। पंत के पोस्ट के बाद मुख्यमंत्री ने भी एक्स पर ही जवाब दिया।

पंत के ट्वीट पर CM का जवाब

उत्तराखंड के सीएम ने लिखा, 'प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखंड की शान हो। अपने शानदार प्रदर्शन और उपलब्धियों से आपने देश और दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति आपका प्रेम और यहां आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है। जिस विषय को आपने उठाया है, उस संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए जा रहे हैं। वे जल्द ही आपसे संपर्क करेंगे और नियमों के अनुसार हर संभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।'

ऋषभ पंत ने रात में किए दो ट्वीट

बता दें कि ऋषभ पंत ने आधी रात में एक्स पर दो ट्वीट किए थे, उन्होंने पहले ट्वीट में लिखा था, "नमस्ते सर, आप कैसे हैं? उत्तराखंड का मूल निवासी होने के नाते मुझे यहां आए हुए काफी समय हो गया है। मैं दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होने के लिए जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन रहने के लिए कोई अच्छी और बड़ी जगह नहीं मिल पा रही। मुझे अपना उत्तराखंड बहुत पसंद है। मेरी आपसे विनम्र विनती है कि जमीन खरीदने में मेरी मदद करें, क्योंकि आजकल साफ-सुथरी जमीन मिलना बहुत मुश्किल हो गया है। एक जमीन का मामला भी अटका हुआ है जो मुझे तब मिलनी चाहिए थी जब मैं राज्य का प्रचार कर रहा था। 3 साल हो गए हैं और अभी तक कोई जमीन नहीं मिली है। मैं अपने पहाड़ी लोगों के बीच वापस आकर उत्तराखंड के विकास में योगदान देना चाहता हूं।"

अपने दूसरे ट्वीट में पंत ने साफ किया था कि वह फ्री में कुछ नहीं मांग रहे हैं। उन्होंने लिखा- "अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करना बहुत गर्व की बात होगी, लेकिन अगर आप इजाजत दें तो मैं सरकार से तय दरों पर ही जमीन खरीदना चाहता हूं। कम से कम मैं अपने ही राज्य में अपना पहला घर बना सकूं। सच कहूं तो मुझे समझ नहीं आ रहा कि यह प्रक्रिया कैसे करनी है।"

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article