WCL 2026: वेस्टइंडीज टीम को टी20 क्रिकेट इतिहास की सबसे खतरनाक टीमों में गिना जाता है। भले ही कई दिग्गज खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया हो, लेकिन उनका जलवा वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) जैसे टूर्नामेंटों में अब भी बरकरार है। डब्ल्यूसीएल 2025 में भले ही वेस्टइंडीज चैंपियंस सेमीफाइनल में नहीं पहुंची, पर टीम के प्रदर्शन ने प्रशंसकों का दिल जीत लिया। उनके प्रदर्शन और भविष्य को लेकर क्रिस गेल ने बड़ा बयान दिया है।
क्रिस गेल की विराट और डिविलियर्स को लेकर भावुक प्रतिक्रिया
वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ने डब्ल्यूसीएल के अगले सीजन को लेकर उत्साह जताते हुए विराट कोहली और एबी डिविलियर्स के साथ खेलने की इच्छा जाहिर की। गेल ने कहा कि "विराट एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। हमने मैदान के अंदर और बाहर, दोनों जगह शानदार वक्त बिताया है। वह इस खेल के दिग्गज हैं और हमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी बेहद कमी महसूस होती है।"जब गेल से पूछा गया कि क्या वह कोहली और डिविलियर्स के साथ लीजेंड्स लीग में खेलना चाहेंगे, तो उन्होंने मुस्कराते हुए कहा कि "यह कुछ बेहद खास होगा। प्रशंसक इसे जरूर पसंद करेंगे।"
सेमीफाइनल से बाहर, लेकिन भविष्य को लेकर सकारात्मक हैं गेल
डब्ल्यूसीएल 2025 में वेस्टइंडीज चैंपियंस ने कुछ अच्छे मुकाबले खेले, लेकिन अहम मौकों पर की गई गलतियों के कारण टीम सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाई। इस पर क्रिस गेल ने कहा कि "इस सीजन में हमसे कुछ गलतियां हुईं, जिसकी वजह से हम सेमीफाइनल में नहीं जा सके। लेकिन यह एक शानदार अनुभव था। हम अगले साल और मजबूती से लौटेंगे। हमारा लक्ष्य डब्ल्यूसीएल 2026 में धमाकेदार वापसी करना है।"
टीम के मालिक ने भी दी गेल को समर्थन
वेस्टइंडीज चैंपियंस के मालिक अजय सेठी ने भी गेल की भावना का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि"जीत और हार खेल का हिस्सा हैं। हम क्रिस के साथ मिलकर अगला सीजन और भी बेहतर करने की योजना बना रहे हैं। हर सीजन हमें कुछ नया सिखाता है और हम 2026 में खिताब जीतने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"
डब्ल्यूसीएल 2025 का समापन, एबी डिविलियर्स की चमकदार पारी ने दिलाया खिताब
इंग्लैंड में दो हफ्तों तक चले इस रोमांचक टूर्नामेंट का समापन दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस की जीत के साथ हुआ। फाइनल में एबी डिविलियर्स ने शानदार शतक लगाते हुए पाकिस्तान चैंपियंस को नौ विकेट से हरा दिया और टीम को खिताब दिलाया। डिविलियर्स की इस पारी को टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ पारियों में गिना गया।
डब्ल्यूसीएल 2026 में फिर दिख सकते हैं गेल और डिविलियर्स
क्रिस गेल और एबी डिविलियर्स जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के अगले सीजन में खेलने की पूरी संभावना है। दोनों खिलाड़ियों ने लीजेंड्स लीग में अपने प्रदर्शन से यह साफ कर दिया है कि उनमें अब भी दम है। हालांकि, विराट कोहली ने अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है, इसलिए उनके डब्ल्यूसीएल 2026 में खेलने की संभावना बेहद कम है।
(IANS)
