Chennai Super King's Black Armband: मुंबई इंडियन्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को खेले गए आईपीएल के महामुकाबले में सीएसके के खिलाड़ी अपनी बांह पर काली पट्टी बांधकर उतरे। प्रशंसकों के मन में लगातार ये सवाल उठ रहे थे कि आखिरकार टीम ने ऐसा क्यों किया। लेकिन मैच के खत्म होते-होते इस बात का खुलासा हो गया कि एमएस धोनी की कप्तानी वाली टीम ने ऐसा क्यों किया था।

पिता के साथ डेवोन कॉन्वे
श्रद्धांजली देने के लिए बांधा ब्लैकबैंड
सीएसके ने टीम के लिए खेलने वाले न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी डेवोन कॉन्वे के पिता को श्रद्धांजली देने के लिए ऐसा किया। कॉन्वे के पिता का दो दिन पहले देहांत हो गया और वो इस वजह से स्वदेश वापस लौट गए। कॉन्वे की गैरमौजूदगी में शेख राशिद को पारी का आगाज करने का मौका दिया गया। कॉन्वे के पिता के देहांत की खबर देरी से फैन्स को मिली और टीम के काली पट्टी बांह पार बांधने के बाद ही इस बात का खुलासा हो सका।
सीएसके ने आधिकारिक तौर पर नहीं किया ऐलान
बांह पर काली पट्टी बांधकर खेलने के निर्णय के बारे में सीएसके ने आधिकारिक तौर पर कोई ऐलान नहीं किया था। हालांकि इस बात की पुष्टि कुछ मीडिया हाउस ने कर दी। चेन्नई मुंबई के बीच मुकाबले के समाप्त होने के बाद कमेंटेटर हर्षा भोगले ने कॉन्वे के पिता के देहांत की बात का जिक्र किया। कॉन्वे ने मौजूदा सीजन में चेन्नई के लिए आखिरी मुकाबला 11 अप्रैल को खेला था। उसके बाद वो लखनऊ और मुंबई के खिलाफ मैच में खेलने नहीं नजर आए। सीएसके ने उनके नहीं खेलने के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी थी।
