इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा और आखिरी टेस्ट 25 जून से खेला जाएगा। सीरीज 1-1 की बराबरी पर है और ऐसे में तीसरे टेस्ट में सीरीज दांव पर है। इंग्लैंज के लिए अच्छी बात यह है कि कप्तान बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन की वापसी हुई है। दोनों को सोमवार को नाइटक्लब विवाद में क्लीन चिट दे गई थी। इस विवाद के बाद ऐसे सवाल उठने लगे थे कि क्या स्टोक्स और कोच मैकुलम में कोई विवाद है। लेकिन अब इस पर कोच ने प्रतिक्रिया दी है। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ने टीम के कप्तान बेन स्टोक्स को अपना ’अच्छा दोस्त’ करार देते हुए कहा कि पिछले दो सप्ताह की घटनाओं के बावजूद उनके रिश्तों पर कोई असर नहीं पड़ा है।
दूसरा टेस्ट नहीं खेले थे स्टोक्स और एटकिंसन
पिछले सप्ताह न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को बाहर कर दिया गया था। जांच में पाया गया था कि लॉर्ड्स में पहले टेस्ट में जीत के बाद रात को बाहर जाने के दौरान दोनों ने अपने अनुबंध की कुछ शर्तों का उल्लंघन किया था। स्टोक्स और एटकिंसन तीसरे और निर्णायक टेस्ट के लिए टीम में लौट आए हैं। यह मुकाबला बृहस्पतिवार से ट्रेंट ब्रिज में शुरू होगा। तीन मैचों की श्रृंखला फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है।
स्टोक्स और टीम मैनेजमेंट के विवाद की खबरें
ब्रिटिश अखबार द डेली टेलीग्राफ ने मंगलवार को खबर दी थी कि स्टोक्स और टीम प्रबंधन (जिसमें मैकुलम भी शामिल हैं) के बीच मतभेद पैदा हो गए हैं। लेकिन मैकुलम ने इन खबरों को सिरे से नकार दिया। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह उनकी स्टोक्स से एक घंटे से अधिक समय तक अच्छी बातचीत हुई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- CSK नहीं इन दो टीमों ने दिखाई हार्दिक पांड्या में दिलचस्पी
दोनों एक ही उद्देश्य के लिए खेलते हैं
मैकुलम ने कहा, ’’वह पूरी तरह तैयार दिख रहे हैं और आने वाले सप्ताह को लेकर काफी उत्साहित हैं। हमारे लिए यह खुशी की बात है कि टीम फिर से पूरी ताकत के साथ एकजुट हो गई है।’’ न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान मैकुलम ने कहा, ’’इंग्लैंड क्रिकेट में नेतृत्व की भूमिका निभाते हुए हमने साथ मिलकर कई चुनौतियों का सामना किया है। आखिरकार हम दोनों वही चाहते हैं जो इंग्लैंड क्रिकेट के लिए सबसे अच्छा हो। टीम को किस दिशा में आगे बढ़ाना है, इसे लेकर हमारी सोच बिल्कुल साफ है।’’
