क्रिकेट

IND vs AFG: बड़ा सवाल, भारत के खिलाफ टेस्ट में राशिद खान खेलेंगे या नहीं, कप्तान शाहिदी इस पर कहा...

IND vs AFG TEST, Rashid Khan: मौजूदा दौर में दुनिया के सबसे सफल स्पिनरों में से एक अफगानिस्तान के राशिद खान 6 जून से भारत के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में खेलेंगे या नहीं ये एक बड़ा सवाल बन चुका है। क्योंकि राशिद अब टेस्ट क्रिकेट से दूरी बनाए रखते हैं और साल में मुश्किल से एक मैच ही खेलते हैं। इसको लेकर टीम के कप्तान शाहिदी ने बयान दिया है।

Image

राशिद खान (Abu Dhabi Cricket)

India vs Afghanistan Test Match: राशिद खान ने अब तक अपने छह टेस्ट मैच में अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन भारत के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने कहा कि अफगानिस्तान के लिए दोबारा टेस्ट क्रिकेट खेलना उनके और राष्ट्रीय चयनकर्ताओं पर निर्भर करेगा। दो दोहरे शतक और 48 से अधिक के औसत के साथ अफगानिस्तान के अब तक के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाज शाहिदी कहा कि उनकी टीम को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के बराबर आने के लिए और अधिक टेस्ट मैच खेलने की जरूरत है।

एकमात्र टेस्ट की पूर्व संध्या पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में शाहिदी ने कहा, "राशिद ने उन टेस्ट मैच में अच्छा प्रदर्शन किया है जो उन्होंने खेले हैं (छह टेस्ट में 45 विकेट)। निजी तौर पर मैंने राशिद से इस बारे में बात नहीं की है कि वह दोबारा टेस्ट क्रिकेट खेलेंगे या नहीं। उनकी चयनकर्ताओं के साथ चर्चा हुई थी और मैं उस बारे में बात नहीं करना चाहता।"

हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि 2018 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद से सालाना औसतन केवल दो टेस्ट मैच खेलना अफगान क्रिकेट के लिए एक बड़ी समस्या रही है। शाहिदी ने कहा, "हमने 2018 में भारत के खिलाफ खेला था। अब हमारे पास अधिक अनुभव है लेकिन अपनी टेस्ट टीम को मजबूत बनाने के लिए हमें और मैच खेलने की जरूरत है। जब घरेलू क्रिकेट की बात आती है तो हम छह से सात लाल गेंद के मैच (प्रथम श्रेणी मैच) खेलते हैं लेकिन टेस्ट क्रिकेट में हमें साल में सिर्फ एक या दो मैच ही खेलने को मिलते हैं।"

जब उनसे पूछा गया कि क्या अफगानिस्तान की सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाएं केवल फ्रेंचाइजी आधारित टी20 लीग में ही अपना करियर बनाना चाहती हैं तो शाहिदी ने इस बात से असहमति जताई। उन्होंने कहा, "हर कोई जानता है कि हमारे खिलाड़ी फ्रेंचाइजी लीग में बहुत अच्छा प्रदर्शन करते हैं और अगर आप देखें तो सफेद गेंद (सीमित ओवरों के क्रिकेट) में भी हमारा प्रदर्शन अच्छा रहा है। लेकिन इसके बावजूद अफगानिस्तान में हमारे पास बहुत सारी ऐसी प्रतिभाएं मौजूद हैं जो मौके का इंतजार कर रही हैं।"

उन्हें मुल्लांपुर की पिच और वहां पड़ रही भीषण गर्मी से कोई शिकायत नहीं है। शाहिदी ने कहा, "हमने अफगानिस्तान के जलालाबाद में एक शिविर लगाया था और वहां एक टूर्नामेंट भी खेला था। वहां का तापमान 35 डिग्री था इसलिए हम गर्मी का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।"

पिछली बार भारत के खिलाफ टेस्ट मैच के दूसरे दिन अफगानिस्तान की टीम ने सिर्फ दो सत्र में ही अपने 20 विकेट गंवा दिए थे लेकिन इस बार शाहिदी ने अपना खुद का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, "मैंने टेस्ट क्रिकेट में दो दोहरे शतक बनाए हैं इसलिए मैं कह सकता हूं कि इस प्रारूप में सफल होने के लिए हमारे पास धैर्य और अनुशासन मौजूद है। बस हमें और अधिक मैच खेलने की जरूरत है।"

शाहिदी के लिए यह एकमात्र टेस्ट मैच दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने का अनुभव हासिल करने का मौका है। उन्होंने कहा, "हम जानते हैं कि भारत एक बहुत बड़ा देश है और वहां बहुत प्रतिभा है। एक विरोधी टीम के तौर पर मैं नहीं चाहूंगा कि वे अच्छा प्रदर्शन करें। लेकिन हमारे लिए यह एक ऐसा मौका है जिससे कि हम एक मजबूत विरोधी टीम के सामने खुद को परख सकें।"

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article