क्रिकेट

एशेज में करारी हार के बाद भी बेन स्टोक्स ने किया मैकुलम के हेड कोच बनाए रहने का समर्थन

इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने एशेज सीरीज में करारी हार के बावजूद बैंडन मैकुलम को टीम का हेड कोच बनाए रखने का समर्थन किया है। स्टोक्स ने कहा है कि वो टेस्ट कप्तान के रूप में उनके बिना अपने भविष्य की कल्पना भी नहीं कर सकते।

Image

ब्रेंडन मैकुलम और बेन स्टोक्स

Photo : AP

सिडनी: बेन स्टोक्स ने शुक्रवार को कहा कि वह ब्रैंडन मैकुलम के बिना इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान के रूप में अपने भविष्य की कल्पना नहीं कर सकते। ऑस्ट्रेलिया में एशेज श्रृंखला में नाकामी के बावजूद स्टोक्स ने कहा कि आगे बढ़ने के लिए वह और मैकुलम बिलकुल सही लोग हैं। इंग्लैंड ने श्रृंखला के पहले तीन टेस्ट में ही एशेज गंवा दी जिससे ऑस्ट्रेलिया में जीत का लंबा इंतजार और बढ़ गया।

पहले तीन टेस्ट में ही इंग्लैंड ने गंवा दी थी एशेज

हालांकि ‘बॉक्सिंग डे’ टेस्ट में मिली जीत ने निराशाजनक अभियान में थोड़ी राहत दी जो जनवरी 2011 के बाद ऑस्ट्रेलिया में इंग्लैंड की पहली टेस्ट जीत थी। स्टोक्स और मैकुलम दोनों का अनुबंध 2027 तक है और दोनों ने सार्वजनिक रूप से मौजूदा दौरे के बाद भी बने रहने की इच्छा जताई है। स्टोक्स ने कहा,'मेरे मन में कोई संदेह नहीं है कि ब्रैंडन और मैं निकट भविष्य में यह जिम्मेदारी निभाते रहने के लिए सही लोग हैं। मैंने ब्रैंडन के साथ काम करने का समय पूरी तरह से आनंद लिया है। मुझे नहीं लगता कि कोई और है जिसके साथ मैं इस टीम को मौजूदा स्थिति से और ऊंचाइयों तक ले जा सकूं।'

भविष्य के लिए है आत्ममंथन की जरूरत

हालांकि स्टोक्स ने यह भी स्वीकार किया कि आगे के सत्र से पहले आत्ममंथन का दौर जरूरी होगा ताकि सुधार के क्षेत्रों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा,'कप्तान और कोच के तौर पर जब हमें थोड़ा समय मिलेगा तो हमें बैठकर सोचना होगा कि अगले स्तर तक पहुंचने के लिए हमें क्या करना चाहिए।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article