क्रिकेट

T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप से बाहर हुआ जिंबाब्वे का धाकड़ बल्लेबाज, 29 वर्षीय खिलाड़ी की हुई टीम में एंट्री

जिंबाब्वे के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से टी20 विश्व कप से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह टीम में 29 साल के बल्लेबाज को शामिल किया गया है।

Image

बेन कुरेन (फोटो क्रेडिट जिंबांब्वे क्रिकेट X)

कोलंबो: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 में जीत दर्ज करके उलटफेर करने वाली जिंबाब्वे के खेमे से एक बुरी खबर आई है। टीम के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज ब्रेडन टेलर विश्व कप से चोट की वजह से बाहर हो गए हैं। 9 फरवरी को ओमान के खिलाफ मुकाबले के दौरान 40 वर्षीय टेलर की जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। इस वजह से वो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले के लिए भी मैदान में नहीं उतरे। ऐसे में जिंबाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने उनके टूर्नामेंट से बाहर होने की पुष्ट कर दी है साथ ही उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है।

बेन कुरेन को मिला टी20 विश्व कप के लिए मौका

ब्रेंडन टेलर की जगह टीम में 29 वर्षीय बेन कुरेन की एंट्री हुई है। बेन कुरेन टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज हैं और उन्हें जिंबाब्वे के लिए अबतक कोई टी20 मैच नहीं खेला है। बांए हाथ के बल्लेबाज बेन कुरेन ने जिंबाब्वे के लिए अबतक 8 टेस्ट और 8 वनडे मैच खेले हैं। ऐसे में वो टी20 विश्व कप के दौरान अंतरराष्ट्रीय टी20 डेब्यू करते नजर आ सकते हैं।

घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का मिला है ईनाम

बेंडन टेलर के टूर्नामेंट से बाहर होने पर बयान जारी करते हुए जिंबाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने कहा, ब्रेंडन टेलर टी20 विश्व कप 2026 के बाकी बचे मैचों से बाहर हो गए हैं। ओमान के खिलाफ 9 फरवरी को कोलंबो में खेले गए मुकाबले के दौरान उनकी दाहिनी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। मेडिकल जांच में पता चला कि वो समय से ठीक नहीं हो पाएंगे इस वजह से टूर्नामेंट के आगे के मैचों में शिरकत नहीं कर पाएंगे। 29 साल के टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज बेन कुरेन को टीम में टेल की जगह शामिल किया गया है। हाल ही में जिंबाब्वे में घरेलू व्हाइटबॉल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें टीम में शामिल किया गया है। वो श्रीलंका में टीम से जुड़ेंगे।

सुपर-8 में एंट्री के लिए जिंबाब्वे है तैयार

जिंबाब्वे की टीम टी20 विश्व कप 2026 में दो मैच में दो जीत दर्ज करके ग्रुप बी में श्रीलंका के बाद दूसरे स्थान पर आ गई है। जिंबाब्वे की टीम ओमान और ऑस्ट्रेलिया को पटखनी दे चुकी है। अब उसकी भिड़ंत श्रीलंका और आयरलैंड से होनी है। अगर इन दोनों मैच में जिंबाब्वे की टीम जीत हासिल कर लेती है तो उसकी सुपर 8 राउंड में जगह पक्की हो जाएगी। श्रीलंका के खिलाफ अगर वो हार जाती है और आयरलैंड के खिलाफ जीत दर्ज करने में सफल होती है तब भी उसकी सुपर-8 में पहुंचने की संभवनाएं बनी रहेंगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article