क्रिकेट

वर्ल्ड कप के ओपनिंग सेरेमनी में जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि देगी बीसीसीआई

30 सितंबर से विमेंस वर्ल्ड कप 2025 का आगाज होने वाला है। भारत की मेजबानी में होने वाले इस वर्ल्ड कप का ओपनिंग मैच गुवाहाटी में खेला जाएगा। मुकाबले से पहले ओपनिंग सेरेमनी में जाने-माने गायक जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

Image

विमेंस वर्ल्ड कप 2025 ओपनिंग सेरेमनी (साभार-BCCI Women)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि 30 सितंबर को महिला वनडे विश्व कप के उद्घाटन मैच से पहले गायक जुबीन गर्ग की याद में 40 मिनट का कार्यक्रम उनकी श्रद्धांजलि के रूप में आयोजित किया जाएगा। मीडिया से बात करते हुए बीसीसीआई सचिव ने कहा, "असम संगीत और संस्कृति के बड़े ब्रांड अंबेसडर जुबीन गर्ग का निधन एक बड़ी क्षति है। यह शोक का समय है। 30 सितंबर को गुवाहाटी में भारत और श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम के बीच वनडे विश्व कप का पहला मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच से पहले जुबीन गर्ग की याद में उनको श्रद्धांजलि स्वरूप एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।"

सैकिया ने कहा, "जुबीन गर्ग की याद में होने वाले विशेष कार्यक्रम के लिए हमने कलाकार का चयन नहीं किया है। जल्द ही कलाकार का चयन हो जाएगा। कार्यक्रम 40 मिनट तक चलेगा, जिसमें हम इस महान कलाकार को उनके गानों के माध्यम से याद करेंगे। महिला विश्व कप के उद्घाटन मुकाबले से पहले होने वाली ओपनिंग सेरेमनी का आगाज ही जुबीन गर्ग के श्रद्धांजलि कार्यक्रम से होगा।" इसके बाद श्रेया घोषाल का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम होगा।

जुबीन गर्ग का नाम बॉलीवुड के बड़े और सफल गायकों में शुमार किया जाता है। वह मूल रूप से असम के रहने वाले थे। जुबीन चौथे नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में परफॉर्म करने सिंगापुर गए थे। कार्यक्रम 20 सितंबर, 2025 को होना था, लेकिन 19 सितंबर को ही उनका निधन हो गया। दिग्गज गायक का शव 20 सितंबर की रात असम पहुंचा। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंता बिस्वा सरमा सहित दिग्गजों ने उनके अंतिम दर्शन किए और श्रद्धांजलि दी। 21 सितंबर को निकली जुबीन की अंतिम यात्रा में सड़कों पर भारी भीड़ देखी गई। पसंदीदा कलाकार के असमय चले जाने का दुख प्रशंसकों के चेहरे पर साफ दिख रहा था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article