क्रिकेट

IND vs BAN: इस दिन होगा बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, पंत की वापसी तय

बीसीसीआई की सीनियर सेलेक्शन कमिटी दलीप ट्रॉफी के दोनों मुकाबलों के खत्म होने के बाद बांग्लादेश के खिलाफ 2 मैच की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान सोमवार को करेगी। 21 महीने बाद ऋषभ पंत की टेस्ट टीम में वापसी तय हो गई है।

Image

ऋषभ पंत(साभार BCCI Domestic)

KEY HIGHLIGHTS
  • सोमवार को होगा बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट के लिए टीम इंडिया का ऐलान
  • 21 महीने बाद होगी ऋषभ पंत की टेस्ट टीम में वापसी
  • बुमराह और शमी को फिर मिलेगा आराम, साई किशोर को मिल सकता है मौका

मुंबई: अजीत आगरकर की अध्यक्षता वाली बीसीसीआई की सीनियर सिलेक्शन कमिटी सोमवार 9 सितंबर, 2024 को बांग्लादेश के खिलाफ दो मैच की टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान करेगी। 19 सितंबर से शुरू होने जा रही टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 19 से 23 सितंबर के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में तो दूसरा 27 सितंबर से 1 अक्तूबर के बीच कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा।

पंत की होगी 21 महीने बाद वापसी

दलीप ट्रॉफी में इंडिया बी ओर से खेलते हुए इंडिया ए के खिलाफ पहली पारी में 7 और दूसरी पारी में 47 गेंद में 61 रन की आतिशी पारी खेलने वाले ऋषभ पंत की टेस्ट टीम में वापसी तकरीबन पक्की हो गई है। 21 महीने बाद पंत बांग्लादेश के खिलाफ खेलते नजर आएंगे। पंत ने चोटिल होने से पहले आखिरी टेस्ट दिसंबर 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ ही खेला था। उस मैच में पंत ने 93(104) रन की आतिशी पारी खेली थी।

बांग्लादेश को हलके में नहीं लेगी टीम इंडिया

चयनकर्ता टीम इंडिया का बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज से पहले टीम का चयन करने से पहले उसके पाकिस्तान दौरे पर प्रदर्शन को जरूर ध्यान में रखेंगे। टीम इंडिया भी सीरीज में नजमुल हुसेन शांतो की कप्तानी वाली टीम को कतई हलके में नहीं लेगी। ऐसे में मजबूत टीम ही चुनी जाने की संभावना है।

आकाशदीप को मिलेगा मौका, मुशीर को करना होगा इंतजार

टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ियों के साथ सरफराज खान टीम में जगह बनाए रखने में सफल रहेंगे। उनके भाई मुशीर खान को फिलहाल टीम में एंट्री के लिए इंतजार करना होगा। चेन्नई के स्पिन विकेट पर खेले जाने वाले पहले टेस्ट के लिए साई किशोर को टीम में चुना जा सकता है। इसके अलावा रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल टीम में होंगे। तेज गेंदबाजी के लिए मोहम्मद सिराज, आकाशदीप, मुकेश कुमार को चुना जा सकता है। बुमराह को आराम दिया जा सकता है। वहीं शमी की रणजी ट्रॉफी मुकाबला खेलने के बाद ही टीम में एंट्री की संभावना है। आकाशदीप को दलीप ट्रॉफी में 9 विकेट चटकाने का इनाम फिर से मिल सकता है।

बांग्लादेश टेस्ट सीरीज के लिए भारत की संभावित टीम:

रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, ऋषभ पंत(विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल(विकेटकीपर), सरफराज खान,केएल राहुल, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, आकाशदीप, मुकेश कुमार, साई किशोर।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article