क्रिकेट

अब नहीं चलेगी खिलाड़ियों की मनमानी, वर्कलोड मैनेजमेंट पर BCCI लेने जा रहा सख्त एक्शन

BCCI Workload Management rule: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही सीरीज में जसप्रीत बुमराह ने केवल 3 ही मैच खेले इस पर कई लोगों ने सवाल भी खड़े किए और अब बीसीसीआई खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर एक्शन लेने की तैयारी कर रहा है।

Image

जसप्रीत बुमराह पर उठे थे सवाल (फोटो- AP)

BCCI Workload Management rule: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज अब समाप्त हो चुकी है। इस सीरीज को टीम इंडिया के जज्बे और युवा खिलाड़ियों के जोश के लिए याद रखा जाएगा जिसके चलते भारत ने सीरीज में 2-2 की बराबरी की और इंग्लैंड के बैजबॉल को क़ड़ी टक्कर दी। इस सीरीज में जहां सिराज भारत के सबसे सफल गेंदबाज बनकर उभरे वहीं उनके आदर्श जसप्रीत बुमराह ने केवल 3 ही मैच खेले और इसे लेकर फैंस भी काफी नाराज दिखे। बुमराह के वर्कलोड मैनेजमेंट और अपने हिसाब से मैच खेलने के फैसले से रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई भी काफी नाराज दिखाई दे रहा है और इस पर जल्द ही अब कड़ा एक्शन लिया जा सकता है।

बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने पीटीआई से कहा कि 'इस पर बात हुई है और केंद्रीय अनुबंध प्राप्त खिलाड़ियों को बता दिया गया है , खास तौर पर उनको जो सभी प्रारूपों में नियमित खेलते हैं कि भविष्य में अपनी मर्जी से मैच चुनने का कल्चर नहीं चलेगा ।’ उन्होंने आगे कहा कि 'इसके यह मायने नहीं हैं कि कार्यभार प्रबंधन पर ध्यान नहीं दिया जायेगा । तेज गेंदबाजों का कार्यभार प्रबंधन जरूरी है लेकिन इसकी आड़ में खिलाड़ी अहम मैचों से बाहर नहीं रह सकते ।' उनका इशारा साफ तौर पर बुमराह पर होता नजर आ रहा है जिन्होंने आखिरी टेस्ट मैच जो कि भारत के लिए जरूरी था वो भी वर्कलोड के चलते मिस कर दिया था।

सिराज और स्टोक्स ने पेश की मिसाल

इंग्लैंड के खिलाफ मोहम्मद सिराज ने पांच टेस्ट में 185 . 3 ओवर डाले जिसके अलावा नेट्स पर गेंदबाजी और फील्डिंग अलग । उन्होंने फिटनेस के नये मानदंड कायम किये । सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और आकाश दीप के प्रदर्शन ने साबित कर दिया कि बड़े से बड़े सितारे भी खेल से बढकर नहीं हैं ।इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने भी कई दिक्कतों के बावजूद चौथे टेस्ट तक काफी लंबे स्पैल डाले । इससे यह सवाल उठना लाजमी है कि क्या कार्यभार प्रबंधन को अपनी सहूलियत के हिसाब से ढाल बनाया जाता है ।

गावस्कर ने भी उठाए सवाल

भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भी वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने ‘इंडिया टुडे’ से कहा है कि 'जब आप देश के लिये खेल रहे हैं तो दर्द भूल जाइये । क्या आपको लगता है कि सीमा पर जवान ठंड की शिकायत करेंगे । ऋषभ पंत ने आपको क्या दिखाया । वह फ्रेक्चर के बावजूद बल्लेबाजी के लिये आया । खिलाड़ियों से इसी की अपेक्षा की जाती है । भारत के लिये खेलना गर्व की बात है ।'

उन्होंने आगे कहा कि 'आप 140 करोड़ लोगों के प्रतिनिधि हैं और यही हमने मोहम्मद सिराज में देखा । सिराज ने कार्यभार की तमाम बातों को धता बताते हुए दिलेरी से गेंदबाजी की । लगातार पांच टेस्ट में सात आठ स्पैल डाले क्योंकि देश को इसकी अपेक्षा थी । उम्मीद है कि यह कार्यभार शब्द भारतीय क्रिकेट के शब्दकोष से गायब हो जायेगा ।'यह भी कहा जा सकता है कि जसप्रीत बुमराह का पांचों टेस्ट में नहीं खेलने का फैसला बीसीसीआई को रास नहीं आया है । इससे बेंगलुरू के उत्कृष्टता केंद्र में काम कर रही खेल विज्ञान टीम पर भी ऊंगली उठी है ।

(भाषा इनपुट्स के साथ)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article