क्रिकेट

बीसीसीआई ने की टीम इंडिया की जर्सी स्पॉन्सरशिप की दरों में बढ़ोतरी, रखा इतनी कमाई का लक्ष्य

ड्रीम 11 के भारतीय टीम के जर्सी स्पॉन्सरशिप से अलग होने के बाद बीसीसीआई ने बोलियां आमंत्रित की हैं और स्पॉन्सरशिप के बेस प्राइज में बढ़ोत्तरी की है। जानिए जर्सी स्पॉन्सरशिप से कितनी कमाई का है लक्ष्य?

Image

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट BCCI X)

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी को अब प्रायोजित करना और महंगा हो जाएगा क्योंकि बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) ने द्विपक्षीय श्रृंखला के लिए दाम प्रति मैच 3.5 करोड़ रुपये और बहुपक्षीय टूर्नामेंट में प्रति मैच 1.5 करोड़ रुपये कर दिये हैं। ‘क्रिकबज’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, नयी दरें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) द्वारा स्वीकृत और आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं पर लागू होंगी। रिपोर्ट में उद्योग से जुड़े सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि ये आंकड़े मौजूदा दरों से थोड़े ज्यादा हैं। पहले द्विपक्षीय मैचों के लिए 3.17 करोड़ रुपये और बहुपक्षीय मैचों के लिए 1.12 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाता था। यह बदलाव ऑनलाइन गेमिंग अधिनियम , 2025 के आने के बाद ‘ ड्रीम 11’ के जर्सी प्रायोजक के रूप में हटने के बाद हुआ है।

जर्सी स्पॉन्सरशिप से बीसीसीआई करना चाहता है 400 करोड़ की कमाई

सरकार द्वारा हाल ही में पारित ऑनलाइन गेमिंग संवर्धन एवं विनियमन अधिनियम-2025 के बाद बीसीसीआई ने भारतीय टीम के प्रमुख प्रायोजक ड्रीम 11 का अनुबंध रद्द कर दिया। यह संशोधन आगामी एशिया कप के समाप्त होने के बाद ही लागू होगा। बीसीसीआई को हालांकि 400 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई होने का अनुमान है। बोली के परिणाम के आधार पर अंतिम आंकड़ा अधिक भी हो सकता है। नयी दरें आगामी एशिया कप के बाद से प्रभावी होंगी। बीसीसीआई संभावित रूप से प्रति मैच 400 करोड़ रुपये से अधिक कमा सकता है। अंतिम आंकड़ा हालांकि बोली के परिणाम के आधार पर अधिक हो सकता है।

बीसीसीआई ने नए सिरे से जारी की हैं बोलियां

ड्रीम 11 के हटने के बाद भारतीय टीम के मुख्य प्रायोजक अधिकारों के लिए बीसीसीआई ने मंगलवार को बोलियां आमंत्रित कीं। बीसीसीआई की एक विज्ञप्ति में कहा गया,'बोली लगाने वाले (जिसमें उसके समूह की कोई भी कंपनी शामिल है) को भारत में या दुनिया में कहीं भी ऑनलाइन मनी गेमिंग,सट्टेबाजी या जुआ या इसी तरह की सेवाओं में संलग्न नहीं होना चाहिए,भारत में किसी भी व्यक्ति को कोई ऑनलाइन मनी गेमिंग,सट्टेबाजी या जुआ या इसी तरह की सेवाएं प्रदान नहीं करनी चाहिए और भारत में सट्टेबाजी या जुए में संलग्न किसी भी व्यक्ति में कोई निवेश या स्वामित्व हित नहीं होना चाहिए।'

एशिया कप में बगैर प्रायोजक के खेलेगी भारतीय टीम

भारतीय टीम यूएई में नौ सितंबर से शुरू होने वाले एशिया कप में बिना किसी मुख्य प्रायोजक के खेलेगी, क्योंकि बोर्ड ने बोली जमा करने की आखिरी तारीख 16 सितंबर तय की है। ड्रीम 11 ने हाल ही में ऑनलाइन गेमिंग अधिनियम 2025 के कारण अपने वास्तविक धन से जुड़े ऑनलाइन गेम को बंद कर दिया है। इस अधिनियम में कहा गया है,'कोई भी व्यक्ति वास्तविक धन से जुड़े ऑनलाइन गेमिंग सेवाओं की पेशकश ,सहायता, उकसाने या उसमें शामिल होने में संलग्न नहीं होगा और न ही किसी ऐसे विज्ञापन में शामिल होगा जो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से किसी भी व्यक्ति को कोई भी ऑनलाइन मनी गेम खेलने के लिए बढ़ावा देता हो।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article