क्रिकेट

Team India Coach: सीएससी के सामने इंटरव्यू के लिए शामिल हुए गंभीर, जल्द हो सकता है आधिकारिक ऐलान

  • Agency by: Agency
  • Updated Jun 18, 2024, 07:12 PM IST

Team India Coach: टीम इंडिया के हेड कोच के लिए मंगलवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) की क्रिकेट सलाहकार समिति ने इच्छुक दावेदारों का साक्षात्कार किया। इस दौरान गंभीर से भी चर्चा हुई। इसका आधिकारिक ऐलान जल्द किया जा सकता है।

Image

गौतम गंभीर (साभार-IPL)

KEY HIGHLIGHTS
  • कोच पद के लिए इंटरव्यू में शामिल हुए गंभीर
  • क्रिकेट सलाहकार समिति के सामने गंभीर
  • जल्द हो सकता है कोच के नाम का ऐलान

Team India Coach: भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर का मंगलवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) की क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच के पद के लिए साक्षात्कार लिया। यह साक्षात्कार ‘जूम कॉल’ पर हुआ जिसमें गंभीर और अशोक मल्होत्रा दोनों ऑनलाइन शामिल हुए। बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘हां, गंभीर सीएसी के साथ साक्षात्कार के लिए उपस्थित हुए। आज एक दौर की चर्चा हुई। कल एक और दौर होने की उम्मीद है।’’

माना जा रहा है कि गंभीर एकमात्र उम्मीदवार हैं जो दावेदारी में हैं और उनके नाम की घोषणा महज औपचारिकता है जो अगले 48 घंटों में हो सकती है।

सीएसी के अध्यक्ष मल्होत्रा और उनके सहयोगियों जतिन परांजपे और सुलक्षणा नाइक के साथ गंभीर की बातचीत के बारे में तुरंत पता नहीं चल पाया है। परांजपे और सुलक्षणा दोनों मुंबई में रहते हैं।

चर्चा में गंभीर की भविष्य की नीति पर बात

माना जा रहा है कि चर्चा अगले तीन वर्षों के लिए गंभीर की रणनीति पर केंद्रित थी जिस दौरान विभिन्न प्रारूपों में तीन आईसीसी टूर्नामेंट होने हैं।

मंगलवार शाम को शीर्ष परिषद की बैठक है और समझा जाता है कि सचिव जय शाह अंतिम घोषणा से पहले कोच चयन प्रक्रिया के बारे में सदस्यों को अवगत कराएंगे।

अन्य दावेदारों का भी हुआ साक्षात्कार

सीएसी उत्तर क्षेत्र से चयनकर्ता पद के लिए कुछ इच्छुक उम्मीदवारों का साक्षात्कार भी ले रही है। भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज 42 वर्षीय गंभीर ने हाल ही में कोलकाता नाइट राइडर्स को टीम के मेंटर (मार्गदर्शक) के रूप में आईपीएल ट्रॉफी दिलाई थी। मौजूदा भारतीय कोच राहुल द्रविड़ अमेरिका और वेस्टइंडीज में चल रहे मौजूदा टी20 विश्व कप में टीम का अभियान खत्म होने के बाद पद छोड़ देंगे। ग्रुप लीग चरण में अजेय रहने के बाद टीम फिलहाल सुपर आठ मुकाबले के लिए बारबडोस में है। टीम 20 जून को अफगानिस्तान से खेलेगी।

End of Article