क्रिकेट

BCCI ने रऊफ, साहिबजादा की ICC से शिकायत की, तो PCB ने इस भारतीय खिलाड़ी की शिकायत कर दी

BCCI and PCB Complains To ICC: भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक खेले दो मैचों में जो कुछ हुआ वो पूरी दुनिया ने देखा। इस दौरान कई विवाद हुए। अब दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड शिकायत दर्ज कराने में जुट गए हैं। बीसीसीआई ने पाकिस्तान के दो खिलाड़ियों की आईसीसी से शिकायत की है, वहीं जवाब में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी एक भारतीय क्रिकेटर की शिकाय कर दी है।

Image

बीसीसीआई और पीसीबी ने आईसीसी को की शिकायत

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • एशिया कप 2025
  • BCCI और PCB में शिकायतों का दौर
  • दोनों बोर्ड ने कुछ खिलाड़ियों की शिकायत ICC से की

IND and PAK Complain To ICC: भारत ने एशिया कप सुपर 4 मैच के दौरान भड़काऊ इशारे करने वाले पाकिस्तान के क्रिकेटरों हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान के खिलाफ आईसीसी के पास आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। समझा जाता है कि बीसीसीआई ने बुधवार को दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और आईसीसी को ईमेल भेजा है।

आईसीसी इस मामले में सुनवाई करेगी क्योंकि साहिबजादा और रऊफ ने लिखित में इन आरोपों का खंडन किया है । उन्हें सुनवाई के लिये आईसीसी एलीट पेनल के रैफरी रिची रिचर्डसन के सामने पेश होना पड़ सकता है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने जवाबी कार्रवाई में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की आधिकारिक शिकायत की है जिन्होंने 14 सितंबर को पाकिस्तान पर मिली जीत को आपरेशन सिंदूर में शामिल भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित करते हुए पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों के प्रति एकजुटता दिखाई थी।

पीसीबी ने आरोप लगाया है कि सूर्यकुमार की टिप्पणी राजनीतिक थी। अभी तकनीकी तौर पर यह देखना होगा कि शिकायत कब दर्ज कराई गई है क्योंकि टिप्पणी के सात दिन के भीतर ही शिकायत की जा सकती थी। भारत के खिलाफ 21 सितंबर के मैच के दौरान रऊफ ने भारतीय समर्थकों के ‘कोहली कोहली’ चिल्लाने के बाद भारतीय सैन्य कार्रवाई का मजाक बनाते हुए विमान गिरा देने का इशारा किया था । कोहली ने विश्व कप 2022 के दौरान एमसीजी पर रऊफ की गेंद पर विजयी छक्का लगाया था।

रऊफ ने मैच के दौरान भारतीय सलामी बल्लेबाजों अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल को भी गालियां दी जिसका जवाब दोनों युवा क्रिकेटरों ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से दिया। इसी मैच के दौरान साहिबजादा ने बल्ले को मशीनगन की तरह इस्तेमाल करते हुए बंदूक चलाने के अंदाज में जश्न मनाया था जिसकी काफी निंदा हुई।

फरहान ने मैच के बाद कहा था, "वह जश्न सिर्फ उस समय एक पल था। मैने 50 रन पूरे करने के बाद जश्न नहीं मनाया था और अचानक मेरे दिमाग में आया कि आज जश्न मनाते हैं और मैने वही किया । मुझे नहीं पता कि लोग इसे कैसे लेंगे और मुझे परवाह भी नहीं है।" रऊफ और फरहान को आईसीसी के समक्ष इन हरकतों की सफाई देनी होगी और अगर आईसीसी संतुष्ट नहीं होती है तो उन्हें आचार संहिता के तहत सजा हो सकती है।

उधर एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने आग में घी डालते हुए बुधवार को एक्स पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो का ‘स्लो मोशन’ वीडियो डाला है जिसमें पुर्तगाल का यह महान फुटबॉलर विमान के क्रैश होने का इशारा कर रहा है जैसा रऊफ ने भारत के खिलाफ मैच के दौरान किया था।

नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष होने के साथ अपने देश के गृहमंत्री भी हैं और भारत के खिलाफ भड़काऊ बयानों के लिये जाने जाते हैं ।

रोनाल्डो उस वीडियो में शायद बता रहे थे कि उनकी सीधी ड्रैग फ्लिक गोल में कैसे गई।

इस वीडियो के बाद देखना होगा कि एशिया कप फाइनल में पहुंच चुकी भारतीय टीम क्या एसीसी अध्यक्ष के साथ मंच साझा करेगी। बीसीसीआई और आईसीसी दोनों की नजर में यह मामला है और देखना है कि नकवी के खिलाफ कोई कार्रवाई होती है या नहीं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article