क्रिकेट

Asia Cup Trophy Controversy: आईसीसी की तिमाही बैठक में बीसीसीआई उठा सकता है एशिया कप ट्रॉफी का मुद्दा

एशिया कप 2025 का खिताब जीतने के एक महीने बाद भी टीम इंडिया के हाथ एशिया कप की ट्रॉफी नहीं लग सकी है। बीसीसीआई 4 नवंबर को होने वाली आईसीसी की तिमाही बैठक में इस मुद्दे को उठा सकता है।

Image

देवजीत सैकिया

मुंबई: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) को उम्मीद है कि एशिया कप विजेता ट्रॉफी ‘एक या दो दिन में’ मुंबई स्थित उसके मुख्यालय पहुंच जाएगी लेकिन अगर हालात में कोई प्रगति नहीं होती है तो भारतीय बोर्ड चार नवंबर को इस मामले को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के समक्ष उठाएगा। भारत ने दुबई में हुए फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर एशिया कप जीता लेकिन पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। वह एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष भी हैं। यह तब हुआ जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दोनों देशों के बीच विवाद के कारण अपने पाकिस्तानी समकक्ष से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया।

जिद पर अड़े हैं मोहसिन नकवी

नकवी पहले ही बता चुके हैं कि ट्रॉफी भारत को सौंपी जा सकती है लेकिन इसे वह स्वयं प्रदान करेंगे। एशिया कप जीत के एक महीने से ज्यादा समय बाद भी बीसीसीआई अब भी आधिकारिक तौर पर ट्रॉफी सौंपे जाने का इंतजार कर रहा है। बीसीसीआई के संयुक्त सचिव देवजीत सैकिया ने पीटीआई वीडियो से विशेष बातचीत में कहा,'जिस तरह से एक महीने बाद भी हमें ट्रॉफी नहीं दी गई है, उससे हम थोड़े नाखुश हैं। हम इस मामले को आगे बढ़ा रहे हैं। लगभग 10 दिन पहले भी हमने एसीसी के अध्यक्ष को एक पत्र लिखा था लेकिन उनके रुख में कोई बदलाव नहीं आया है। अब भी ट्रॉफी उनके पास है, लेकिन हमें उम्मीद है कि एक-दो दिन में यह ट्रॉफी मुंबई स्थित बीसीसीआई कार्यालय में हमारे पास पहुंच जाएगी।'

4 नवंबर को आईसीसी की बैठक में उठेगा मुद्दा

सैकिया ने कहा कि अगर ट्रॉफी जल्द ही नहीं सौंपी गई तो बीसीसीआई चार नवंबर से दुबई में होने वाली आईसीसी की तिमाही बैठक में इस मुद्दे को उठाएगा। बीसीसीआई ने आधिकारिक तौर पर ट्रॉफी वापस करने का अनुरोध किया है लेकिन नकवी कथित तौर पर अपने रुख पर अड़े हुए हैं और सुझाव दे रहे हैं कि भारतीय खिलाड़ी भविष्य में किसी कार्यक्रम में इसे व्यक्तिगत रूप से ले लें क्योंकि अभी तक कोई औपचारिक समाधान नहीं हुआ है। सैकिया ने कहा,'बीसीसीआई की ओर से हम इस मामले से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और मैं भारत के लोगों को आश्वस्त कर सकता हूं कि ट्रॉफी भारत वापस आएगी, बस समय सीमा तय नहीं है। पर एक दिन यह आएगी।'

हो सकता है भारत-द. अफ्रीका टेस्ट में बदलाव

टेस्ट क्रिकेट में पहली बार भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अगले महीने गुवाहाटी में होने वाली दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के दूसरे मैच में पारंपरिक सत्रों के क्रम में बदलाव देखने को मिल सकता है जिसमें लंच से पहले चाय परोसी जा सकती है। सैकिया ने पुष्टि की कि गुवाहाटी में सूर्योदय और सूर्यास्त जल्दी होने के कारण खेल के समय में संभावित बदलाव के बारे में चर्चा चल रही है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article