क्रिकेट

खिलाड़ियों के परिवार के सदस्यों के विदेश यात्रा नियम में ढील देने के लिए तैयार बीसीसीआई

बीसीसीआई ने विराट कोहली के परिवार के सदस्यों के विदेश दौरे पर साथ रहने की अहमियत वाले बयान देने के बाद इस संबंध में बने नियमों पर ढील देने के संकेत दिए हैं।

Image

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा (साभार Virat Kohli)

मुंबई: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया की 1-4 के अंतर से टेस्ट सीरीज में शर्मनाक हार के बाद बीसीसीआई ने कड़ा रुख अपनाते हुए विदेश दौरे के लिए कुछ नियम जारी किए थे। जिसमें परिवार के सदस्यों के साथ जाने और रहने पर पाबंदी लगाई गई थी। विदेशी दौरे पर खिलाड़ी अपने परिवार के साथ कुछ समय ही साथ रह सकते थे। इस नियम को बदले जाने की मांग कप्तान रोहित शर्मा ने भी की थी और अजीत आगरकर के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस बारे में बोर्ड से बात करने की बात कही थी।

बीसीसीआई ने दिए नरमी बरतने के संकेत

ऐसे में विराट कोहली के आईपीएल से ठीक पहले दिए बयान ने खलबली मचा दी और बोर्ड इस संबंध में नरमी बरतने को तैयार होता दिख रहा है। टाइम्स नाउ संवाददाता करिश्मा सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई परिवार के सदस्यों के विदेशी दौरे पर यात्रा संबंधी नियमों में बदलाव करने को तैयार है। बीसीसीआई के सूत्र के मुताबिक, बोर्ड खिलाड़ियों के परिवार के सदस्यों के यात्रा के नियम में बदलाव करने को तैयार है। अगर खिलाड़ी लंबे समय तक परिवार के साथ रहना चाहता है तो वे बीसीसीआई से अनुमति के लिए आवेदन कर सकते हैं और बोर्ड जो उचित समझेगा वैसा करेगा।

कमरे में नहीं बैठे रहना चाहते हैं अकेले उदास

विराट कोहली ने आईपीएल 2025 के आगाज से पहले एक कार्यक्रम के दौरान इस संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा था कि वह कमरे में अकेले बैठकर उदास नहीं रहना चाहते। विराट ने कहा था कि परिवार की मौजूदगी मैदान पर चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण दिनों को संभालने में मदद करती है। लोगों को परिवार की भूमिका समझापाना मुश्किल है। प्रियजनों के साथ समय बिताने से उन्हें खेल के दबाव से अलग होने और कठिन मैचों के बाद खुद को अलग-थलग करने के बजाय मानसिक रूप से फिर से तैयार होने का मौका मिलता है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article