क्रिकेट

BCCI Annual Awards: बुमराह और मंधाना बने साल के सर्वश्रेष्ठ महिला और पुरुष क्रिकेटर, सचिन को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

बीसीसीआई ने साल 2023-24 के लिए अपने सालाना क्रिकेट अवार्ड्स के विजेताओं के नाम का ऐलान कर दिया है। जसप्रीत बुमराह और स्मृति मंधाना को साल का सर्वश्रेष्ठ पुरुष और महिला क्रिकेटर चुना गया है। जानिए किसे मिला कौन का अवार्ड?

Image

बीसीसीआई सालाना अवार्ड्स (साभार BCCI)

मुंबई: करिश्माई तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पुरुष वर्ग में 2023-24 के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के लिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के पॉली उमरीगर पुरस्कार के लिए चुना गया जबकि स्मृति मंधाना ने महिला वर्ग में यह पुरस्कार जीता जो शनिवार को बोर्ड के वार्षिक पुरस्कार समारोह के दौरान दिए जाएंगे।

बुमराह बने साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष क्रिकेटर

बुमराह को 2024 में कौशल, सटीकता और निरंतरता के साथ शानदार प्रदर्शन करने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का टेस्ट और ओवरऑल साल का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना गया है। उन्होंने पिछले साल भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया और इंग्लैंड तथा बांग्लादेश के खिलाफ भारत की घरेलू श्रृंखलाओं में जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह 31 वर्षीय तेज गेंदबाज बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहा और उन्होंने पांच टेस्ट मैच में 32 विकेट चटकाए।

मंधाना बनीं साल की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी

आईसीसी की साल की सर्वश्रेष्ठ महिला एकदिवसीय क्रिकेटर मंधाना ने 2024 में 743 रन बनाए। उन्होंने चार एकदिवसीय शतक बनाए जो महिलाओं के प्रारूप में एक साल में सर्वाधिक शतक का रिकॉर्ड है। उन्होंने पिछले साल सौ से अधिक बाउंड्री लगाई जिसमें 95 चौके और छह छक्के शामिल हैं। इस 28 वर्षीय क्रिकेटर के एकदिवसीय मुकाबलों में 57.86 की औसत और 95.15 के प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से रन बनाए।

अश्विन को मिलेगा स्पेशल अवार्ड

टेस्ट क्रिकेट में 537 विकेट के साथ भारत के दूसरे और दुनिया के आठवें सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के रूप में दिसंबर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को विशेष पुरस्कार के लिए चुना गया। नवंबर 2011 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले 37 साल के अश्विन ने स्वदेश में लंबे प्रारूप में 12 साल तक भारत के दबदबे में अहम भूमिका निभाई जिस दौरान टीम ने लगातार 18 श्रृंखला जीती।

सरफराज खान और आशा शोभना बने सर्वश्रेष्ठ डेब्यूटेंट

नए खिलाड़ियों में मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान को फरवरी 2024 में राजकोट टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ तेजतर्रार अर्धशतक के लिए पुरुष वर्ग में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय पदार्पण के पुरस्कार के लिए चुना गया। मध्यक्रम के इस बल्लेबाज ने बेंगलुरू टेस्ट में न्यूजीलैंड के खिलाफ 150 रन की पारी भी खेली। महिला वर्ग में आशा शोभना को जून 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में 21 रन पर चार विकेट चटकाने के लिए सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय पदार्पण का पुरस्कार जीता। भारत ने यह मैच 143 रन से जीता।

मंधाना और दीप्ति बनीं सर्वश्रेष्ठ वनडे क्रिकेटर

मंधाना को सर्वाधिक रन बनाने के लिए एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय पदक से भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने 13 मैच में चार शतक और एक अर्धशतक की बदौलत 57.46 के औसत से 747 रन बनाए। इसी तरह दीप्ति शर्मा को 13 मैच में सर्वाधिक 24 विकेट हासिल करने के लिए एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय पदक से सम्मानित किया जाएगा।

तनुष कोटियान बने सर्वश्रेष्ठ घरेलू क्रिकेटर

तनुष कोटियान को 2023-24 सत्र में घरेलू क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए बीसीसीआई घरेलू टूर्नामेंट ट्रॉफी के लिए चुना गया। कोटियान ने 2023-24 सत्र में मुंबई के लिए शानदार प्रदर्शन किया जिसके कारण उन्हें पहली बार ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत ‘ए’ टीम में जगह मिली और फिर उन्होंने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के अंतिम दो टेस्ट के लिए भारत की सीनियर टीम में जगह बनाई। इस 26 वर्षीय ऑलराउंडर ने 2023-24 में मुंबई के 42वें रणजी ट्रॉफी खिताब के दौरान शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मैच में 29 विकेट चटकाने के अलावा एक शतक और पांच अर्धशतक की मदद से 41.83 के औसत से 502 रन भी बनाए।

सचिन तेंदुलकर को मिलेगा लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को कर्नल सीके नायुडू लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए चुना गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article