नई दिल्ली: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को आईसीसी को एक और पत्र लिखकर टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारत जाने से इनकार कर दिया है और अपने मैच श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग की है। बीसीबी ने औपचारिक तौर पर आईसीसी को संदेश भेजकर बताया है कि वो इस मेगा इवेंट में शिरकत करने भारत क्यों नहीं जाना चाहते हैं।
दिया है खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा का हवाला
बीसीबी ने अपने इस पत्र में दोनों देशों के बीच हालिया राजनीतिक तनाव के बीच खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए वेन्यू को श्रीलंका में बदलने की मांग की है। वर्ल्ड कप 7 फरवरी से शुरू होगा और बांग्लादेश को भारत में ग्रुप दौर के चार मैच खेलने हैं। जिसमें से तीन मैच कोलकाता के इडेन गार्डन्स में और एक मुंबई में खेला जाएगा।
मुस्तफिजुर रहमान के आईपीएल से रिलीज होने के बाद भड़की आग
तेज गेंदबाज मु्स्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा को बीसीसीआई ने निर्देश दिए थे। केकेआर ने बीसीसीआई के निर्देश का पालन करते हुए ऐसा किया। इसके बाद आनन फानन ने बीसीबी ने आपात बैठक में टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारत दौरे पर आने से इनकार कर दिया और आईसीसी से अपने मैच भारत से श्रीलंका स्थानांतरित करने का अनुरोध किया।
आईसीसी चाहता थी सुरक्षा संबंधी मामले में आधिक स्पष्टता
समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, 'बांग्लादेश के खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ नजरुल्लाह के साथ चर्चा के बाद, बीसीबी आईसीसी को एक और पत्र लिखा है। आईसीसी बांग्लादेश से सुरक्षा के संबंध में चिंता के क्षेत्रों के बारे में जानना चाहता था। BCB ने इस पत्र में उन्हें ये जानकारी दी है। बीसीबी ने और क्या कुछ कहा है पत्र की अन्य बातें अबतक पता नहीं चली हैं। हालांकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और आईसीसी दोनों इस मामले को सुलझाने के लिए लगातार बातचीत कर रहे हैं। आईसीसी ने आधिकारिक तौर पर अबतक कोई बयान इस संबंध में जारी नहीं किया है। आईसीसी बांग्लादेश से सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बारे में और अधिक स्पष्टता चाहता है।
बंटा हुआ है बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड
रिपोर्ट्स के मुताबिक BCB खुद इस मुद्दे पर बंटा हुआ है, बोर्ड का एक हिस्सा इस मामले पर नजरुल्लाह के कड़े रुख के पक्ष में है और दूसरा समूह ग्लोबल गवर्निंग बॉडी और भारतीय अधिकारियों के साथ बातचीत के रास्ते खुले रखने के पक्ष में है।
