क्रिकेट

Ranji Trophy: दिल्ली के खिलाफ मजबूत स्थिति में बंगाल की टीम, झारखंड और गुजरात ने भी अपने मैचों में पकड़ बनाई

Ranji Trophy: रणजी ट्रॉफी में दिल्ली क्रिकेट के खिलाफ बंगाल क्रिकेट टीम ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। वहीं, अन्य मैचों में झारखंड क्रिकेट टीम और गुजरात की टीमें भी शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही हैं।

Image

रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के खिलाफ बंगाल की पकड़ मजबूत (X/BCCIDomestic)

बंगाल के खिलाफ पहली पारी में 189 रन से पिछड़ने के बाद दिल्ली की टीम ने रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-सी मुकाबले के तीसरे दिन अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट पर 101 रन बनाकर संघर्ष जारी रखा। टीम अब भी बंगाल के स्कोर से 88 रन पीछे है। दूसरी पारी में दिल्ली की हालत एक समय तीन विकेट पर 59 रन के स्कोर पर नाजुक हो गई थी। कप्तान आयुष बडोनी (नाबाद 24) और अनुज रावत (नाबाद 25) ने मोर्चा संभालते हुए टीम को दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 101 रन तक पहुंचाया।

बंगाल ने अपनी पहली पारी में 429 रन बनाकर 189 रन की बढ़त हासिल की जिसके बाद तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार ने एक-एक विकेट लेकर दिल्ली की मुश्किलें बढ़ाईं, जबकि यश ढुल चोटिल होने के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए। ऐसे में दिल्ली को मुकाबले में वापसी के लिए अंतिम दिन दमदार बल्लेबाजी करनी होगी।

तीसरे दिन बंगाल ने तीन विकेट पर 304 रन से आगे खेलना शुरू किया। सुदीप कुमार घरामी ने 133 और अभिषेक पोरेल ने 149 रन की शतकीय पारियां खेलीं, जबकि सुमंत गुप्ता ने 50 रन का योगदान दिया। दिल्ली की ओर से बडोनी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 18 ओवर में 43 रन देकर पांच विकेट चटकाए। नवदीप सैनी और दिविज मेहरा को दो-दो विकेट मिले।

झारखंड-केरल मैच की स्थिति

ग्रुप-सी के एक अन्य मुकाबले में झारखंड के पहली पारी में 587 रन के विशाल स्कोर के जवाब में केरल ने छह विकेट पर 269 रन बनाए। केरल की टीम अभी 318 रन पीछे है और उसके चार विकेट शेष हैं। केरल की ओर से अभिषेक नायर ने 204 गेंदों पर 10 चौकों और पांच छक्कों की मदद से 126 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सका। जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम में मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा है, जिससे झारखंड को तीन अंक मिलने की संभावना है।

ओडिशा के खिलाफ मजबूत स्थिति में गुजरात

अहमदाबाद में गुजरात ने ओडिशा के खिलाफ पहली पारी में 115 रन की बढ़त हासिल कर मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। एक दिन का खेल शेष रहते ओडिशा की टीम दूसरी पारी में चार विकेट पर 119 रन बना सकी थी। उसकी बढ़त महज चार रन की है, जबकि छह विकेट बाकी हैं।

ओडिशा के पहली पारी के 324 रन के जवाब में गुजरात ने दो विकेट पर 205 रन से आगे खेलते हुए 439 रन बनाए। वेदांत त्रिवेदी ने 171 गेंदों पर 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 108 रन की पारी खेली। आर्य देसाई 94 और उर्विल पटेल 85 रन बनाकर शतक से चूक गए।

महाराष्ट्र-सेना के मैच में क्या हुआ

महाराष्ट्र ने पालम स्थित एयरफोर्स परिसर मैदान पर सेना के खिलाफ दूसरी पारी में पांच विकेट शेष रहते 172 रन की बढ़त बना ली। महाराष्ट्र ने पहली पारी में 333 रन बनाए थे, जिसके जवाब में सेना की टीम 227 रन पर सिमट गई। इस तरह महाराष्ट्र को पहली पारी में 106 रन की बढ़त मिली।

दूसरी पारी में महाराष्ट्र की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय सलामी बल्लेबाज पृथ्वी साव महज सात रन बनाकर आउट हो गए, जबकि आउट हुए अन्य चार बल्लेबाज भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। टीम का स्कोर पांच विकेट पर 66 रन हो गया था। इसके बाद अंकित बावने (नाबाद 32) और सौरभ नवाले (नाबाद 12) ने पारी को संभाला।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article