क्रिकेट

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने टेके बीसीसीआई के आगे घुटने, क्रिकेट संबंधों की बहाली के लिए साधा संपर्क

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने देश में नई सरकार के गठन के बाद बीसीसीआई के सामने घुटने टेक दिए हैं और क्रिकेट संबंधों की बहाली के लिए संपर्क किया है। जानिए क्या है पूरा मामला?

Image

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड

ढाका: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने सितंबर में भारत के सफेद गेंद के दौरे को बचाने और दोनों देशों के बीच संबंधों को सुधारने के लिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) से संपर्क किया है। दोनों देशों के बीच रिश्ता तब तनावपूर्ण हो गया था जब बीसीबी ने भारत में हुए आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप से हटने का फैसला किया था। ऐसा माना जा रहा है कि बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल का कार्यकाल जल्द ही समाप्त हो सकता है और एक अंतरिम बोर्ड बीसीसीआई के साथ बातचीत शुरू कर सकता है।

आसिफ नजरुल जैसे कट्टरपंथी चलाते हैं बीसीबी को

माना जाता है कि खेल मंत्रालय के सलाहकार और भारत-विरोधी कट्टरपंथी आसिफ नजरुल बीसीबी को चलाते हैं जिन्होंने ही सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए टीम को भारत नहीं भेजने का फैसला किया था। यह फैसला तब लिया गया जब बीसीसीआई ने मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने की अनुमति नहीं दी थी। बीसीबी ने अनुरोध किया था कि उनके मैच श्रीलंका में स्थानांतरित कर दिए जाएं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद को इस तर्क में कोई दम नहीं लगा और उसने भारत में टीम के लिए किसी भी सुरक्षा खतरे की बात को खारिज कर दिया था।

बीसीबी ने लिखा है बीसीसीआई को पत्र

भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट संबंध पारंपरिक रूप से सौहार्दपूर्ण रहे हैं लेकिन हाल के घटनाक्रमों के कारण उनमें काफी खटास आई है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई को बताया,'हां, बीसीबी ने भारतीय बोर्ड को एक पत्र भेजा है। यह सिर्फ सितंबर में बांग्लादेश के भारत की पुरुष टीम के सफेद गेंद के बारे में ही नहीं है बल्कि अगले साल बीसीबी द्वारा आयोजित किए जाने वाले पुरुषों के 50 ओवर के एशिया कप के बारे में भी है।' यह भी दीगर है कि बीसीबी भारत की मेजबानी करने के लिए बहुत उत्सुक है क्योंकि भारतीय टीम के सफेद गेंद के छह मैच से लीनियर और डिजिटल प्रसारण अधिकारों की बिक्री से होने वाले राजस्व से बोर्ड की इस साल की वित्तीय स्थिति काफी हद तक सुधर जाएगी।

खत्म हो सकता है बीसीबी अध्यक्ष बुलबुल का कार्यकाल

बीसीबी के एजेंडे में शामिल कई मुद्दों में से एक अध्यक्ष बुलबुल के कार्यकाल के दौरान चार निदेशकों के इस्तीफे पर भी चर्चा करना है। बांग्लादेश क्रिकेट जगत में बुलबुल के पद पर बने रहने को लेकर गहरा असंतोष है क्योंकि उन्होंने अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस को टीम को भारत भेजने के लिए मनाने में अपनी असमर्थता व्यक्त की थी।

टी20 विश्व कप विवाद की हो रही है जांच

सूत्र ने कहा,'टी20 विश्व कप में भाग नहीं लेने के विवाद की जांच कर रही जांच समिति नौ अप्रैल को अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि जब वह रिपोर्ट पेश की जाएगी, तब बुलबुल की स्थिति क्या होगी। इस स्थिति में एक अंतरिम बोर्ड कमान संभालेगा और 90 दिनों के भीतर दोबारा चुनाव होंगे। सभी की नजरें बांग्लादेश के विदेश मंत्री के दिल्ली दौरे पर भी टिकी होंगी।' माना जा रहा है कि बांग्लादेश के पूर्व कप्तान और देश के महानतम सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल बीसीबी के अध्यक्ष पद के लिए एक मजबूत दावेदार हो सकते हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article