क्रिकेट

ENG vs BAN: टी20 सीरीज के लिए बांग्लादेश ने किया टीम का ऐलान, पांच दिग्गजों की हुई छुट्टी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 1, 2023, 11:21 PM IST

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैच की आगामी टी20 सीरीज के पहले दो मैच के लिए टीम का ऐलान कर दिया। टी20 विश्व कप 2022 के लिए टीम में शामिल पांच धाकड़ खिलाड़ियों की छुट्टी हो गई है।

Image

रोनी ताल्लुकदार

Photo : Twitter

ढाका: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैच की आगामी टी20 सीरीज के पहले दो मैच के लिए टीम का ऐलान कर दिया। टीम में तीन युवा खिलाड़ियों तौहीद हृदोय, रेजौर रहमान राजा और तन्वीर इस्लाम को पहली बार जगह दी गई है।

8 साल बाद ताल्लुकदार की हुई वापसी

इन तीन युवा खिलाड़ियों के अलावा टीम में सलामी बल्लेबाज रोनी ताल्लुकदार की आठ साल लंबे अंतराल के बाद वापसी हुई है। उन्होंने हालिया बांग्लादेश प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन के बल पर टीम में जगह हासिल की है। साल 2015 में वो बांग्लादेश के लिए आखिरी बार खेलते हुए टी20 फॉर्मेट में नजर आए थे। वहीं शमीम हुसैन की साल 2021 के बाद टीम में वापसी हुई है।

पांच खिलाड़ियों की हुई छुट्टी

टी20 विश्व कप 2022 के लिए टीम में शामिल रहे यासिर अली, सौम्य सरकार, इबादत हुसैन , मोसद्दिक हुसैन और शरीफुल इस्लाम की छुट्टी हो गई है। हालांकि इन पांचों खिलाड़ियों के लिए टीम के दरवाजू पूरी तरह नहीं बंद हुए हैं। बोर्ड ने इस बारे में कहा, आने वाले दिनों में हम उनके साथ बैठकर उनकी योजनाओं के बारे में चर्चा करेंगे। वो अभी भी हमारे 20 से 22 खिलाड़ियों के पूल में शामिल हैं।

ऐसा है सीरीज का कार्यक्रम

बांग्लादेश और इंग्लैंड के बीच तीन मैच की टी20 सीरीज का आगाज 9 मार्च को चटगांव में होगा। दूसरा और तीसरा मैच 12 और 14 मार्च को ढाका में खेला जाना है। यह दोनों टीमों के बीच खेली जाने वाली पहली द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय टी20 सीरीज है।

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए बांग्लादेश की टीम:

शाकिब अल हसन (कप्तान), लिटन दास, नजमुल हुसैन शंटो, आफिफ हुसैन, मेहदी हसन मिराज, मुस्तफिजुर रहमान, तस्कीन अहमद, हसन महमूद, नसुम अहमद, नुरुल हसन सोहन, शमीम हुसैन, रोनी तालुकदार, तौहीद ह्रदय, रेजौर रहमान राजा और तनवीर इस्लाम।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article