Govardhan Puja Ki Kahani Kya Hai: दिवाली के बाद गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जाता है, जिसे अन्नकूट और गोपूजा आदि नामों से जाना जाता है। इस दिन कृष्ण जी, गोवर्धन पर्वत और गौ माता की पूजा की जाती है। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग लगाने की परंपरा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गोवर्धन पूजा के दिन पूजन करने से घर-परिवार में खुशियों का आगमन होता है। साथ ही नकारात्मक ऊर्जा, वास्तु दोष, खराब सेहत और भूमि से जुड़े दोषों से मुक्ति मिलती है। साल 2026 में आज 10 नवंबर, मंगलवार को गोवर्धन पूजा का उत्सव मनाया जा रहा है। अगर आप भी आज गोवर्धन पूजा के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करने वाले हैं तो इस दौरान उनकी वो पौराणिक कथा जरूर पढ़ें, जिसमें उन्होंने देवराज इंद्र के प्रकोप से ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी एक उंगली पर उठा लिया था। यहां पर गोवर्धन पूजा की कथा हिंदी में दी गई है।
गोवर्धन पूजा की कथा हिंदी में लिखी हुई
गोकुल में हो रही थी पूजा की तैयारियां
पौराणिक कथाओं के अनुसार, एक दिन गोकुल में चारों ओर खूब चहल-पहल हो रही थी। सभी घरों में विभिन्न तरह के पकवान बनाए जा रहे थे। बाजारों में भी अलग ही रौनक देखने को मिल रही थी। मंदिरों और घरों में लोग हर्षोल्लास के साथ नाच-गा रहे थे। हर तरफ उत्सव जैसा माहौल था। साथ ही लोग बड़े ही उत्साह के साथ पूजा की तैयारियों में जुटे हुए थे।
इंद्र देव की होनी थी पूजा
ये देखकर कृष्ण जी ने अपनी माता यशोदा जी से पूछा 'मां आज गोकुल में किस उत्सव की तैयारी हो रही है?' इस सवाल का जवाब देते हुए मां यशोदा ने कृष्ण जी से कहा 'आज देवराज इंद्र की पूजा होगी।' इसके बाद कृष्ण जी ने माता यशोदा से एक ओर सवाल किया 'हम देवराज इंद्र की पूजा क्यों करते हैं?' इस सवाल का जवाब देते हुए यशोदा मैया ने कहा 'इंद्र देव की कृपा से बारिश अच्छी होती है। यदि बारिश अच्छी होती है तो अन्न की पैदावार बढ़िया होती है, जिससे हमारे पशुओं को चारा मिलता है।'
गोवर्धन पर्वत की पूजा करने का किया फैसला
इसके बाद कृष्ण जी ने माता यशोदा से कहा कि 'हमें इंद्र देव की जगह गोवर्धन पर्वत की पूजा करनी चाहिए क्योंकि गायें तो उसी पर्वत का चारा खाती हैं। वहां जो पेड़-पौधे लगे हैं, बारिश तो उसी वजह से होती है।' गोकुल वासियों को भगवान कृष्ण की बात उचित लगी, जिसके बाद उन्होंने इंद्र देव की जगह गोवर्धन पर्वत की पूजा करने का फैसला किया।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें- आज गोवर्धन पूजा का शुभ मुहूर्त कब है, गोवर्धन पूजा की विधि क्या है
इंद्र देव हुए क्रोधित
इंद्र देव को जब इस बारे में पता चला तो उन्हें बहुत गुस्सा आया। उन्होंने इसे अपना अपमान समझा और गोकुल वासियों से बदला लेने का फैसला किया। गुस्से में इंद्र देव ने गोकुल पर मूसलाधार बारिश शुरू कर दी। बारिश वक्त के साथ बढ़ती जा रही थी, जिससे गोकुलवासी घबरा गए और कृष्ण जी को दोष देने लगे।
कृष्ण जी ने उठाया गोवर्धन पर्वत
इसके बाद कृष्ण ने अपने बाएं हाथ की कनिष्ठा उंगली (सबसे छोटी उंगली) से गोवर्धन पर्वत को उठाया, जिसके बाद सभी गोकुलवासी इसके नीचे आकर खड़े हो गए। इंद्र देव ने 7 दिनों तक लगातार बारिश की और कृष्ण जी ने 7 दिनों तक अपनी एक उंगली पर गोवर्धन पर्वत को उठाए रखा।
इंद्र देव को हुआ अपनी गलती का अहसास
अंत में जब इंद्र देव को अहसास हुआ कि उनका मुकाबला किसी साधारण मनुष्य से नहीं है तो वो कृष्ण जी के पास गए और उनके चरण स्पर्श करके अपनी भूल के लिए क्षमा मांगी। साथ ही कामधेनु गाय के दूध से कृष्ण जी का अभिषेक किया और उन्हें खुद भोग खिलाया। इसी के बाद से देशभर में हर साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को गोवर्धन पूजा का पर्व मनाने की परंपरा शुरू हो गई।
