Govardhan kaise banate hain: गोवर्धन पूजा के दिन घरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाने की परंपरा है। यह पर्वत भगवान श्रीकृष्ण की उस लीला की याद दिलाता है, जब उन्होंने ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया था। तभी से गोवर्धन पूजा का विशेष महत्व माना जाता है।
इस दिन लोग अपने घर के आंगन, छत या पूजा स्थल पर गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाते हैं। इसके आसपास पेड़-पौधे, गाय, बछड़े और अन्य आकृतियां भी बनाई जाती हैं। मान्यता है कि विधि-विधान से गोवर्धन पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है। आइए जानते हैं कि घर पर गोवर्धन पर्वत कैसे बनाएं और इसे सजाने का सही तरीका क्या है।
गोवर्धन पर्वत बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होती है
गोवर्धन बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती। घर में आसानी से मिलने वाली चीजों से इसे तैयार किया जा सकता है।
- ताजा गोबर
- थोड़ी सी मिट्टी
- फूल और पत्तियां
- रोली और अक्षत
- दीपक और रूई की बाती
- गंगाजल या साफ पानी
- छोटी-छोटी टहनियां
- मिठाई और भोग की सामग्री
गोबर से गोवर्धन पर्वत कैसे बनाएं
सबसे पहले घर के आंगन या पूजा के लिए तय की गई जगह को अच्छी तरह साफ कर लें। इसके बाद वहां गंगाजल या साफ पानी का छिड़काव करें। अब गोबर को लेकर जमीन पर पर्वत जैसी आकृति बनाएं। इसे बीच में थोड़ा ऊंचा और चारों तरफ से ढलानदार रखें, ताकि यह पहाड़ जैसा दिखाई दे।

पर्वत वाला गोवर्धन कैसे बनाएं
गोवर्धन पर्वत को केवल एक ढेर की तरह न बनाएं। इसकी आकृति को थोड़ा प्राकृतिक रूप देने की कोशिश करें। आसपास छोटी-छोटी आकृतियां बनाकर गाय, बछड़े और पेड़-पौधों का रूप दे सकते हैं। कुछ लोग गोवर्धन पर्वत के बीच में गुफा जैसी आकृति भी बनाते हैं।
इसके बाद पर्वत को फूलों, पत्तियों और छोटी टहनियों से सजाएं। चाहें तो आसपास मिट्टी के छोटे दीपक भी रख सकते हैं। इससे पूजा स्थल सुंदर दिखाई देता है।
भगवान कृष्ण की तस्वीर वाला गोवर्धन कैसे बनाएं
गोवर्धन बनाने के लिए सबसे पहले जमीन या आंगन को अच्छी तरह साफ करके उस पर गोबर से एक समतल आधार तैयार करें। अब गीले गोबर की मदद से भगवान श्रीकृष्ण का स्वरूप बनाएं। इसमें एक पैर मोड़कर खड़े श्रीकृष्ण को दिखाएं, उनके एक हाथ में गोवर्धन पर्वत और दूसरे हाथ को कमर पर रखें। गोबर से ही मुकुट, वस्त्र और आभूषणों की आकृति बनाएं। पर्वत के नीचे गाय, ग्वाल-बाल और मटकी जैसी छोटी-छोटी आकृतियां भी बना सकते हैं।

भगवान कृष्ण की उंगली पर गोवर्धन पर्वत वाली फोटो
इसके बाद पीले, गुलाबी और सफेद रंगों से वस्त्रों और आभूषणों को सजाएं। फूलों की माला, गेंदे के फूल और रंगोली से सजावट को सुंदर रूप दें। चारों ओर गोबर से बॉर्डर बनाकर उस पर फूल और चावल के दाने लगाएं। आखिर में स्वास्तिक और ऊं का चिह्न बनाकर दीपक जलाएं।
पुरुष की आकृति वाला गोवर्धन कैसे बनाएं
गोवर्धन बनाने की एक पारंपरिक विधि में इसे लेटे हुए पुरुष के आकार में भी बनाया जाता है। इसमें सिर, हाथ और पैरों की आकृति बनाई जाती है। इसके बाद नाभि के स्थान पर मिट्टी का छोटा दीपक या कटोरी रखी जाती है। पूजा के समय इसमें दूध, दही, शहद, गंगाजल और बताशे अर्पित किए जाते हैं। बाद में इसे प्रसाद के रूप में बांटने की परंपरा भी है।
गोवर्धन पर्वत को कैसे सजाएं
गोवर्धन की सजावट में बहुत ज्यादा तामझाम की जरूरत नहीं होती। गेंदे के फूल, तुलसी के पत्ते, दूर्वा और हरी टहनियों से इसे सजा सकते हैं। आसपास छोटी-छोटी गाय और बछड़ों की आकृतियां बनाएं। भगवान श्रीकृष्ण की छोटी प्रतिमा भी स्थापित कर सकते हैं।
गोवर्धन के आसपास रंगोली बनाना और दीपक जलाना भी अच्छा लगता है। ध्यान रखें कि दीपक सुरक्षित दूरी पर रखें, ताकि फूलों और गोबर की आकृति में आग लगने का खतरा न हो।
गोवर्धन बनाने के बाद क्या करें
गोवर्धन पर्वत तैयार होने के बाद रोली, अक्षत, फूल, धूप और दीप से पूजा करें। भगवान श्रीकृष्ण और गिरिराज महाराज का स्मरण करें। इसके बाद अन्नकूट का भोग लगाएं। कई परिवारों में गोवर्धन की सात परिक्रमा करने की परंपरा है। कुछ स्थानों पर परिक्रमा के दौरान जल की धारा बहाई जाती है और जौ या खील चढ़ाए जाते हैं।
