क्रिकेट

अब सीरीज जीतने पर नजर... पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को हराने के बाद बांग्लादेश के हौसले बुलंद, मिराज ने भरी हुंकार

AUS vs BAN Test: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में मेहदी हसन मिराज बांग्लादेश के सबसे बड़े मैच विनर रहे। उन्होंने पहली पारी में 154 गेंद पर 65 रन बनाकर टीम को 228 रन की बढ़त दिलाई और फिर दूसरी पारी में 5 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को 57 रन पर समेट दिया।

Image

बांग्लादेश बनाम ऑस्ट्रेलिया (फोटो साभार- ICC)

AUS vs BAN Test: बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर इतिहास रच दिया है। डार्विन टेस्ट में फुल स्ट्रेंथ कंगारू टीम को 9 विकेट से हराकर बांग्लादेश ने न सिर्फ मैच जीता बल्कि सीरीज में 1-0 की बढ़त भी ले ली। इस जीत के सूत्रधार रहे ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज अब दूसरे टेस्ट से पहले बड़े दावे के साथ सामने आए हैं। मिराज का मानना है कि टीम का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है और वो ऑस्ट्रेलिया में पहली बार सीरीज जीतकर लौटेंगे।

मिराज ने किया कमाल

ICC से बात करते हुए मिराज ने कहा, "हां, हम सीरीज जीतने के बारे में सोच रहे हैं। जिस तरह से हमने पहले टेस्ट में खेल दिखाया, उसी अप्रोच को बरकरार रखना है। पहला मैच जीतने के बाद चुनौती और बढ़ गई है। टेस्ट मैच जीतना आसान नहीं होता, लेकिन अभी हमारा फोकस सिर्फ मोमेंटम को आगे ले जाने पर है।" डार्विन में मिराज ने बल्ले और गेंद दोनों से धमाल मचाया। पहली पारी में उन्होंने 154 गेंद पर 65 रन की संघर्ष भरी पारी खेली जिससे बांग्लादेश को 228 रन की बड़ी बढ़त मिली। इसके बाद दूसरी पारी में 5 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को 57 रन पर ढेर कर दिया। तंजीद हसन के शतक और हसन महमूद के मैच में 9 विकेट ने इस जीत को यादगार बना दिया।

अभ्यास में हार के बाद कैसे बदली रणनीति

सीरीज से पहले बांग्लादेश को टूर मैच में CA XI के खिलाफ 54 रन पर आउट होने के बाद करारी हार मिली थी। लेकिन मिराज ने बताया कि उस समय टीम मैनेजमेंट ने हिम्मत नहीं टूटने दी। उन्होंने कहा, "मैं खुद मानसिक रूप से परेशान था। टीम मैनेजर नफीस इकबाल ने मुझे समझाया कि ऑस्ट्रेलिया की पिचों पर कैसे खेलना है। उन्होंने नेट्स में खुद मुझे गेंद भी डाली। मुश्ताक अहमद सर हर खिलाड़ी के पास गए और कहा- यकीन रखो, जीत संभव है। उसी भरोसे ने आज ये नतीजा दिया है।"

WTC में टॉप-3 का मौका

अब सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट 22 से 26 अगस्त तक मैके में खेला जाएगा। अगर बांग्लादेश यह मैच भी जीत जाता है तो वो ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़कर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगा। ये टीम के लिए WTC फाइनल का रास्ता खोल सकता है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article