क्रिकेट

इस दिग्गज क्रिकेटर ने दुनिया को चौंकाया, नम आंखों के साथ अचानक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Jul 6, 2023, 02:54 PM IST

Tamim Iqbal Retirement: बांग्लादेश क्रिकेट टीम के कप्तान व अनुभवी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने आज पूरी दुनिया को चौंका दिया है। उन्होंने वनडे विश्व कप 2023 से 3 महीना पहले आज अचानक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। तमीम इकबाल ने 16 साल तक बांग्लादेश क्रिकेट को अपनी सेवाएं दीं।

Image

तमीम इकबाल (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • तमीम इकबाल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा
  • बांग्लादेश क्रिकेट टीम के कप्तान हैं तमीम इकबाल
  • अचानक 16 साल के क्रिकेट करियर पर लगाया विराम

बांग्लादेश क्रिकेट टीम को आज एक करारा झटका लगा है। उनकी टीम के कप्तान व दिग्गज बल्लेबाज तमीम इकबाल (Tamim Iqbal) ने अचानक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला ले लिया। तमीम ने क्रिकेट से संन्यास लिया और वो भी भारत में होने वाले वनडे विश्व कप 2023 से ठीक 3 महीना पहले, जो बांग्लादेश क्रिकेट टीम (Bangladesh Cricket Team) के लिए बड़ा नुकसान साबित हो सकता है।

तमीम इकबाल ने 9 फरवरी 2007 को अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर का आगाज किया था। उसके बाद से लगातार 16 साल तक वो अपने देश को सेवाएं देते रहे। इस दौरान उन्होंने 241 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच खेले लेकिन उन्होंने अब अचानक संन्यास लेकर बांग्लादेश की मुश्किलें इसलिए भी बढ़ा दी हैं। क्योंकि विश्व कप 2023 से पहले उन्हें एशिया कप 2023 में भी बांग्लादेश वनडे टीम की कप्तानी करनी थी।

उनका ये फैसला अफगानिस्तान के खिलाफ बुधवार को मिली शर्मनाक हार के बाद आया है। गौरतलब है कि अफगानी टीम ने बांग्लादेश को तीन वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में उसी की जमीन पर 17 रन से शिकस्त देकर सबको चौंका दिया। तमीम भी इस मैच का हिस्सा थे और वो 21 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हो गए थे।

तमीम इकबाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नम आंखों के साथ अपने संन्यास का ऐलान किया। उन्होंने अचानक लिए इस फैसले का कारण अब तक नहीं बताया है। वो बांग्लादेश के लिए वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अब तक वनडे क्रिकेट में 8313 रन बनाए हैं। इसमें 14 शतक और 56 अर्धशतक शामिल हैं।

तमीम ने बांग्लादेश के लिए अब तक 70 टेस्ट मैच और 78 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 5134 रन दर्ज हैं जबकि टी20 में उन्होंने 1758 रन बनाए।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article