क्रिकेट

BAN vs AUS: जम्पा और डेविस चमके, ऑस्ट्रेलिया ने पहले टी20 मैच में बांग्लादेश को हराया

Image

ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को हराया। फोटो- AP

चटगांव (बांग्लादेश)। स्पिनर एडम जम्पा और जोएल डेविस ने तीन-तीन विकेट झटके, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार को तीन मैच की टी20 सीरीज के पहले मैच में बांग्लादेश को चार विकेट से शिकस्त दी। लेग-स्पिनर निखिल चौधरी ने भी एक विकेट लिया जो 60 साल में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करने वाले भारत में जन्मे पहले मेंस क्रिकेटर हैं। स्पिनरों के इस प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को 19 ओवर में 131 रन पर ऑल आउट कर दिया।

पिछले वनडे में 149 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को एक विकेट से जीत दिलाकर बांग्लादेश के खिलाफ क्लीन स्वीप से बचाने वाले कूपर कोनोली ने चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 47 रन बनाए और अपनी टीम को 18.2 ओवर में छह विकेट पर 133 रन के स्कोर तक पहुंचाया। टखने की चोट के कारण वनडे सीरीज से बाहर रहने के बाद वापसी करने वाले मिचेल मार्श और साथी सलामी बल्लेबाज जोश इंग्लिस के जल्दी आउट होने के बाद कोनोली ने संयम बनाए रखा।

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अब्दुल गफ्फार ने कोनोली को कैच आउट कराकर अपना पहला विकेट लिया। कोनोली ने तीसरे विकेट के लिए टिम डेविड (20) के साथ 40 रन की साझेदारी की थी। गफ्फार ने 32 रन देकर दो विकेट झटके। तीसरे वनडे के दौरान पिंडली की चोट के कारण लिटन दास के बाहर होने के बाद तौहीद हृदय ने बांग्लादेश की कप्तानी की और टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन बांग्लादेश का कोई भी बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के अनुशासित स्पिन आक्रमण के सामने टिक नहीं सका।

पांचवें ओवर में बांग्लादेश का स्कोर एक विकेट पर 39 रन था, लेकिन इसके बाद जम्पा और डेविस ने उनकी पारी को लड़खड़ा दिया और घरेलू टीम ने 60 रन के भीतर सात विकेट गंवा दिए। अब दूसरा टी20 मैच शुक्रवार को खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। बांग्लादेश दूसरे टी20 मैच में वापसी की कोशिश करेगी।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article