इंदौर: मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) ने आईसीसी महिला वनडे विश्व कप के लिए इंदौर आई दो ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों का कथित तौर पर पीछा करने और छेड़छाड़ की शर्मनाक घटना पर गहरा दुख और नाराजगी व्यक्त की। पुलिस ने गुरुवार सुबह शहर के खजराना रोड इलाके में हुई इस घटना में शामिल आदमी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों क्रिकेटर अपने होटल से बाहर निकलीं और एक कैफे की ओर जा रही थीं, तभी मोटरसाइकिल पर सवार एक आदमी ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
खिलाड़ी के साथ हुई छेड़छाड़
इलाके की सब इंस्पेक्टर निधि रघुवंशी के मुताबिक इस आदमी ने कथित तौर पर उनमें से एक को गलत तरीके से छुआ और भाग गया। एमपीसीए ने एक बयान में कहा,'एमपीसीए इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ियों के साथ हुई गलत हरकत और गलत व्यवहार की परेशान करने वाली घटना से बहुत दुखी है। किसी भी महिला को ऐसा ‘ट्रॉमा’ कभी नहीं सहना चाहिए। इस बुरी घटना से एमपीसीए में हर वो व्यक्ति प्रभावित हुआ है जो महिलाओं का सम्मान करता है। खिलाड़ी इस दर्दनाक अनुभव से उबरकर हिम्मत और पक्के इरादे के साथ शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के साथ मुकाबले में खेल रही हैं, यह देखना सच में प्रेरणा देने वाला है।'
मामले की दर्ज कराई गई एफआईआर
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की जोड़ी ने अपनी टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस से संपर्क किया जिन्होंने स्थानीय सुरक्षा संपर्क अधिकारियों के साथ मिलकर मदद के लिए एक गाड़ी भेजी। जानकारी मिलने पर सहायक पुलिस आयुक्त हिमानी मिश्रा दोनों खिलाड़ियों से मिलीं, उनके बयान दर्ज किए और एमआईजी पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की।
घटना का पड़ा शहर की छवि पर बुरा असर
संघ के बयान में कहा गया, 'इतने साल में इंदौर ने मेहमान टीमों और अन्य क्षेत्रों के जाने-माने लोगों के लिए एक सुरक्षित जगह के तौर पर नाम कमाया है। यह बहुत दुख की बात है कि एक आदमी की गलत हरकत से इतना नुकसान हुआ है और शहर की छवि पर बुरा असर पड़ा है। मेजबान होने के नाते एमपीसीए ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम से इस दुखद और बुरी घटना के लिए दिल से माफी मांगता है जबकि हमारा शहर सुरक्षा, शालीनता और मेहमाननवाजी के लिए मशहूर है।'
पुलिस की तेज कार्रवाई, पकड़ा गया आरोपी
एमपीसीए ने स्थानीय पुलिस के तुरंत कार्रवाई करने की भी तारीफ की, और कहा कि उन्होंने 'बहुत कम समय में आरोपी की पहचान करके उसे पकड़ लिया।'बयान में कहा गया,'स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने सभी आधिकारिक ‘मूवमेंट’ के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मेहनत की है। इस टूर्नामेंट के दौरान भी टीमों को महाकाल मंदिर और टीम तथा खिलाड़ियों द्वारा चुनी गई अलग-अलग जगहों पर जाने के लिए पूरी सुरक्षा दी गई थी।'
क्या खिलाड़ियों ने मांगा था सुरक्षा कवर?
इसके अनुसार,'इसलिए इस घटना में यह जांचना जरूरी है कि क्या खिलाड़ियों ने होटल के बाहर आने-जाने के लिए सुरक्षा कवर मांगा था, या सुरक्षा के लिए कोई अनुरोध नहीं किए जाने पर यह ‘मूवमेंट’ हुआ।' इसमें कहा गया,'एमपीसीए खिलाड़ियों के साथ अपनी एकजुटता दोहराता है और इस मुश्किल समय में हर मुमकिन मदद का भरोसा देता है। साथ ही हमारी ऑस्ट्रेलियाई टीम, स्थानीय अधिकारियों और जांच एजेंसियों के साथ सहयोग की प्रतिबद्धता भी है।'
(भाषा)
