Mitchell Starc: ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। 13 अगस्त से डार्विन में बांग्लादेश के खिलाफ शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में स्टार्क अपने नाम दो बड़े कीर्तिमान कर सकते हैं। अभी स्टार्क के नाम 433 टेस्ट विकेट दर्ज हैं। वह भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव के 434 विकेट से मात्र एक विकेट पीछे हैं। मरारा मैदान पर होने वाले पहले टेस्ट में अगर वह दो विकेट ले लेते हैं, तो कपिल देव को पीछे छोड़ देंगे। इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले शीर्ष 10 गेंदबाजों की सूची में भी जगह बना लेंगे।
तोड़ देंगे स्टेन के टेस्ट विकेटों का रिकॉर्ड
इसके अलावा मिचेल स्टार्क के सामने एक और बड़ा लक्ष्य है। इस पूरी सीरीज में सात विकेट लेते ही उनके करियर के 440 विकेट पूरे हो जाएंगे। इससे वह दक्षिण अफ्रीका के महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन के 439 विकेट से आगे निकल जाएंगे। इसके बाद वह टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच जाएंगे। उनसे आगे अब सिर्फ चार गेंदबाज बचेंगे। जेम्स एंडरसन 704 विकेट, स्टुअर्ट ब्रॉड 604 विकेट, ग्लेन मैक्ग्रा 563 विकेट और कोर्टनी वाल्श 519 विकेट के साथ उनसे ऊपर हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- पाकिस्तान की जीत से बदल गई पॉइंट टेबल की तस्वीर, जानिए किस नंबर पर पहुंची टीम इंडिया
स्टार्क का मौजूदा फॉर्म भी लाजवाब है। पिछले एक साल में उन्होंने 55 टेस्ट विकेट सिर्फ 17.32 की औसत से झटके हैं। इसी शानदार प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज 4-1 से अपने नाम की थी। वह 2026 के एलन बॉर्डर पदक की दौड़ में भी सबसे आगे माने जा रहे हैं। स्टार्क का कहना है कि उनकी निरंतरता का कारण मानसिक मजबूती और कप्तान पैट कमिंस तथा जोश हेजलवुड के साथ बनी मजबूत तेज गेंदबाजी तिकड़ी है। उन्होंने गेंदबाजी में नए तरीके भी अपनाए हैं, जिससे वह हर तरह की पिच पर असरदार बने हुए हैं।
35 की उम्र के बाद भी पैनापन बरकरार
35 साल की उम्र पार करने के बाद भी स्टार्क का प्रदर्शन गिरा नहीं है। इस उम्र के बाद ऑस्ट्रेलिया से सिर्फ ग्लेन मैक्ग्रा ने ही उनसे ज्यादा टेस्ट विकेट लिए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ श्रृंखला के लिए ऑस्ट्रेलिया ने कमिंस, हेजलवुड और नाथन लायन की वापसी कराई है। पहला टेस्ट 13 से 17 अगस्त तक डार्विन में और दूसरा टेस्ट 22 से 26 अगस्त तक मैके में खेला जाएगा।
