कोलकाता नाईट राइडर्स के सबस महंगे खिलाड़ी और ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ गेंदबाजी नहीं की थी। इसको लेकर कप्तान रहाणे सहित कई पूर्व क्रिकेटरों ने सवाल उठाए थे। अब इस पूरे मसले पर ऑस्ट्रेलियाई कोच का बयान सामने आया है। एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कहा कि कैमरन ग्रीन से आईपीएल और आस्ट्रेलिया क्रिकेट को काफी उम्मीदें हैं। इस ऑलराउंडर में वह काबिलियत है जिससे वे इन उम्मीदों को संतुलित करते हुए अपने करियर को लगातार ऊंचाइयों की ओर ले जा सकते हैं।
रहाणे ने उठाया था सवाल
मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल के पहले मैच में चोटिल ग्रीन के गेंदबाजी नहीं करने को लेकर पूछे गए सवाल पर कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे की टिप्पणी से विवाद पैदा हो गया था। रहाणे से जब ग्रीन के गेंदबाजी ना करने का कारण पूछा गया तो उन्होंने साफ-साफ शब्दों में कहा कि यह सवाल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछा जाना चाहिए। बाद में क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा केकेआर टीम प्रबंधन को उनकी चोट के बारे में पूरी तरह से पता था और वह 10-12 दिन और गेंदबाजी नहीं कर सकेंगे।
मैकडोनाल्ड ने सेन रेडियो से कहा,’’ आईपीएल में काफी अपेक्षायें हैं। आस्ट्रेलियाई टीम में भी उनसे काफी अपेक्षायें हैं। यह अनुचित नहीं है क्योंकि ऑलराउंडर से हमेशा अपेक्षा रहती है।’’ ग्रीन को केकेआर ने 25-20 करोड़ रूपये में खरीदा था और वह आईपीएल में सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने। मैकडोनाल्ड ने कहा,’’ हमें पता है कि वह बेहतरीन खिलाड़ी है। उसे सभी अपेक्षाओं के बीच संतुलन बनाना होगा , खासकर तीनों प्रारूप में खेलने को लेकर। यह किसी भी क्रिकेटर के लिये चुनौतीपूर्ण है।’’
