क्रिकेट

IND-W vs AUS-W 1st ODI Highlights: ऑस्ट्रेलिया के सामने एक बार फिर भारतीय महिला टीम फेल, सात खिलाड़ी दहाई का आंकड़ नहीं छू सकीं

IND-W vs AUS-W 1st ODI Highlights: भारतीय महिला टीम को पहले वनडे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। ब्रिस्बेन में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय टीम को 5 विकेट से हराया। इसी जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने 1-0 से बढ़त बना ली है।

Image

भारतीय महिला टीम की खिलाड़ी। (फोटो- BCCI Women X)

Photo : Twitter

IND-W vs AUS-W 1st ODI Highlights: बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के कारण भारत को पहले महिला एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में शुक्रवार को यहां ऑस्ट्रेलिया से 202 गेंद शेष रहते हुए पांच विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 34.2 ओवर में 100 रन पर आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने 16.2 ओवर में पांच विकेट पर 102 रन बनाकर तीन मैच की श्रृंखला में शुरुआती बढ़त हासिल की।

छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया भी बीच में थोड़ी देर के लिए लड़खड़ा गया था जब तेज गेंदबाज रेणुका सिंह (45 रन देकर तीन विकेट) ने एक ओवर में दो विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया को इसके अलावा हालांकि लक्ष्य हासिल करने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। अपना पहला वनडे खेल रही सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया वोल (42 गेंदों पर नाबाद 46) ने सहजता से बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की आसान जीत सुनिश्चित की। उन्होंने अपनी पारी के दौरान रेणुका सिंह पर काउ कॉर्नर क्षेत्र में दर्शनीय छक्का भी लगाया था।

उनकी सलामी जोड़ीदार फोएबे लीचफील्ड (29 गेंदों में 35 रन) ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया को अच्छी शुरुआत दिलाई। लीचफील्ड ने लगातार छह चौके लगाए, जिनमें से चार रेणुका और दो अपना पहला वनडे खेल रही तेज गेंदबाज टिटास साधु की गेंदों पर लगे। दूसरा वनडे आठ दिसंबर को यहां एलन बॉर्डर फील्ड में खेला जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया की बड़ी जीत की नींव तेज गेंदबाज मेगन शुट्ट ने रखी। उन्होंने 19 रन देकर पांच विकेट लिए और भारतीय टीम को सस्ते में समेटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारत की तरफ से पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाली जेमिमा रोड्रिग्स ने 42 गेंदों में 23 रन बनाए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पहले सात ओवरों में ही सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। टीम से बाहर की गई शैफाली वर्मा की जगह खेल रही प्रिया पुनिया (03) अपनी वापसी को यादगार नहीं बना पाई।

अनुभवी सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (08) ने शुट्ट की बाहर जाती आउटस्विंगर पर विकेट के पीछे कैच दिया। पुनिया बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में शुट्ट की गेंद पर बैकवर्ड पॉइंट पर कैच आउट हो गई।कप्तान हरमनप्रीत कौर (17) को तेज गेंदबाज एनाबेल सदरलैंड ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। रोड्रिग्स बीच में तब तक सहज दिख रही थीं जब तक कि किम ग्राथ ने उन्हें थर्ड मैन पर गेंद पहुंचाने की कोशिश में बोल्ड नहीं कर दिया।

भारत का स्कोर एक समय तीन विकेट पर 62 रन था लेकिन इसके बाद उसकी पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। जेमिमा और हरमनप्रीत के अलावा हरलीन देओल (19) और रिचा घोष (14) ही दोहरे अंक में पहुंच पाई। भारत ने अपने अंतिम तीन बल्लेबाज 100 रन के स्कोर पर गंवाए। शुट्ट ने प्रिया मिश्रा को आउट करके अपने करियर में पहली बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article