क्रिकेट

AUS vs WI: वेस्टइंडीज को पहले वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने दी मात, डेब्यू मैच में चमके जेवियर बार्टलेट

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 2, 2024, 04:31 PM IST

ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज में विजयी आगाज किया है। कंगारुओं की जीत का सेहरा 25 साल के युवा तेज गेंदबाज के सिर पर सजा।

Image

ऑस्ट्रेलिया वेस्टइंडीज वनडे सीरीज

मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज में विजयी शुरुआत की है। मेलबर्न में खेले गए पहले मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम 48.4 ओवर में 231 रन बनाकर ढेर हो गई। इसके बाद जीत के लिए मिले 232 रन के लक्ष्य को 8 विकेट 69 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। डेब्यू मैच खेल रहे 25 वर्षीय तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने 17 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उन्हें इस शानदार मैच जिताऊ प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

59 रन पर विंडीज ने गंवा दिए थे 4 विकेट

पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही। अंतरराष्ट्रीय करियर के पहले ओवर की तीसरी गेंद पर जस्टिन ग्रेव्स को बोल्ड करके जेवियर बार्टलेट ने पहली सफलता ऑस्ट्रेलिया को दिलाई। इसके बाद उन्होंने अपने दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर दूसरे सलामी बल्लेबाज एलिक अथनाजे को भी विकेट के पीछे कैच कराकर चलता कर दिया। 17 रन पर वेस्टइंडीज ने 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद केसी कार्टी ने कप्तान शाई होप के साथ पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन 37 के स्कोर पर होप(12) बार्टलेट का तीसरा शिकार बनकर पवेलियन लौट गए। 59 के स्कोर पर कैमरन ग्रीन ने केवम होज(11) को चलता कर दिया।

कार्टी-चेज ने विंडीज को बड़े स्कोर तक पहुंचाया

चार विकेट सस्ते में गंवाने के बाद रोस्टन जेच का साथ कार्टी को मिला दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी करके टीम को 169 रन तक पहुंचाया। ऐसे में चेज को जांपा ने बोल्ड करके ऑस्ट्रेलिया को पांचवीं सफलता दिलाई। चेज 67 गेंद में 59 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे। इसके बाद कार्टी 41वें ओवर में रन आउट हो गए। 108 गेंद में 88 रन बनाकर कार्टी पवेलियन वापस लौटे और शतक से चूक गए। अंत में पुछल्ले बल्लेबाजों ने कोशिश करके विंडीज की टीम को 231 रन तक पहुंचाया। पूरी टीम 48.4 ओवर में ढेर हो गई।

खराब शुरुआत के बाद टॉप ऑर्डन ने पक्की की जीत

जीत के लिए 232 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भी खराब रही। सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर 4 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे। इसके बाद जोस इंग्लिस और कैमरन ग्रीन ने मोर्चा संभाला। दोनों ने स्कोर को 83 कर पहुंचाया। इंग्लिस 65(43) रन बनाकर गुणाकेश मोती का शिकार बने। इसके बाज कप्तान स्टीव स्मिथ ने कैमरन ग्रीन ने जीत के लिए जरूरी रन बनाकर टीम को 8 विकेट से जीत दिला दी। स्मिथ 79(79) और ग्रीन 77(104) रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article