क्रिकेट

भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया ए टीम का ऐलान, बुमराह से टकराने वाले युवा खिलाड़ी को मिला मौका

Australia A Squad: भारत के खिलाफ पिछली बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट पदार्पण करने वाले सलामी बल्लेबाज सैम कोन्सटास और नाथन मैकस्वीनी को बृहस्पतिवार को ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ टीम में शामिल किया गया जो अगले महीने लखनऊ में भारत ‘ए’ टीम के खिलाफ चार दिवसीय दो मैच खेलने वाली है।

Image

सैम कोंस्टास (फोटो- AP)

Australia A Squad: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच भविष्य के टेस्ट मुकाबलों की तैयारी के तहत आगामी सितंबर में लखनऊ में दो चार दिवसीय मुकाबले खेले जाएंगे। इस सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ टीम की घोषणा कर दी गई है जिसमें दो युवा और प्रतिभाशाली बल्लेबाज सैम कोन्स्टास और नाथन मैकस्वीनी को शामिल किया गया है।

पिछली टेस्ट सीरीज में डेब्यू कर चुके हैं कोन्स्टास

गौरतलब है कि सैम कोन्स्टास ने भारत के खिलाफ पिछली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में अपना टेस्ट पदार्पण किया था। हालांकि, वह शुरुआती उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। कोन्स्टास को उस सीरीज में नाथन मैकस्वीनी की जगह टीम में शामिल किया गया था।

मेलबर्न टेस्ट में उन्होंने आक्रामक अर्धशतक जमाया था और उसी मैच में विराट कोहली के साथ उनका एक विवाद भी सुर्खियों में रहा था। लेकिन इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ कैरेबियाई दौरे में उनका प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। शीर्ष क्रम में लगातार असफल रहने के कारण उन्हें श्रीलंका दौरे से बाहर कर शेफील्ड शील्ड में भेज दिया गया था।

टीम में शामिल अन्य अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी

ऑस्ट्रेलिया 'ए' टीम में सैम कोन्स्टास के अलावा नाथन मैकस्वीनी, युवा ऑलराउंडर कूपर कोनोली और स्पिनर टॉड मर्फी जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल हैं।मर्फी भारत में पहले ही टेस्ट क्रिकेट खेल चुके हैं। उन्होंने 2022-23 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में चारों टेस्ट में हिस्सा लिया था और कुल 14 विकेट झटके थे। हालांकि उस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को 1-2 से हार झेलनी पड़ी थी।

जॉर्ज बेली ने बताया दौरे का महत्व

ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ताओं के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने इस दौरे को खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि "उपमहाद्वीप का दौरा खिलाड़ियों के लिए कई अनूठी चुनौतियां लाता है और यह उन्हें बल्ले और गेंद दोनों से अपने कौशल को परखने का अवसर देता है।ऐसे दौरों का लगातार अनुभव खिलाड़ियों को भविष्य में भारत और अन्य उपमहाद्वीपीय देशों में बेहतर प्रदर्शन करने की समझ और रणनीति विकसित करने में मदद करेगा।"

लाल गेंद टीम में नहीं होंगे संघा और रेनशॉ

ऑस्ट्रेलिया 'ए' की लाल गेंद (चार दिवसीय) टीम में जेसन संघा और मैथ्यू रेनशॉ को शामिल नहीं किया गया है।जेसन संघा ने पिछले महीने डार्विन में श्रीलंका ‘ए’ के खिलाफ नाबाद 202 रनों की शानदार पारी खेली थी। वहीं रेनशॉ भारत में पहले टेस्ट खेल चुके हैं और उनका अनुभव टीम को मजबूती दे सकता था। उनकी गैरमौजूदगी टीम की बल्लेबाजी क्रम के लिए एक चुनौती हो सकती है।

लखनऊ में खेले जाएंगे चार दिवसीय मैच

दोनों चार दिवसीय मुकाबले लखनऊ में खेले जाएंगे। पहला मैच 16 से 19 सितंबर तक और दूसरा 23 से 26 सितंबर तक होगा। इसके अलावा तीन एकदिवसीय मुकाबले 30 सितंबर, 3 अक्टूबर और 5 अक्टूबर को खेले जाएंगे।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article