सिडनी: मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने सिडनी में खेले जा रहे बॉक्सिंग-डे टेस्ट मैच के तीसरे ही दिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। दो दिन में ही पहला टेस्ट मैच गंवाने वाली मेहमान दक्षिण अफ्रीका के ऊपर दूसरे टेस्ट में पारी के अंतर से हार का खतरा मंडराने लगा है। पहली पारी में 386 रन से पिछड़ने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में 1 विकेट के नुकसान पर 15 रन बना लिए हैं। अफ्रीकी टीम को पारी का हार का खतरा टालने के लिए 371 रन बनाने हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन के खेल की शुरुआत 386/3 के स्कोर के साथ की। दूसरे दिन नाबाद रहे ट्रेविस हेड(48*) और एलेक्स केरी(9*) ने पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन 395 के स्कोर पर ट्रेविस हेड(51) अर्धशतक जड़ने के बाद नॉर्खिया की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद रिटायर्ड हर्ड होकर बल्लेबाजी करने वापस आए डेविड वॉर्नर(200) को भी नॉर्खिया ने अगली ही गेंद पर बोल्ड करके मेजबान टीम को पांचवां झटका दे दिया।
एलेक्स केरी ने संभाला एक छोर
टीम के 400 के स्कोर पर पहुंचते ही कप्तान पैट कमिंस भी रबाडा की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। ऐसे में एक छोर एलेक्स केरी ने संभाला और दूसरे छोर से उन्हें नाथन लॉयन का साथ मिला। दोनों ने स्कोर को 440 रन तक पहुंचाया लेकिन 17 गेंद में 25 रन की पारी खेलने के बाद लॉयन नगिडी की गेंद पर जोंडो के हाथों लपके गए।केरी ने जड़ा शतक, ग्रीन ने अर्धशतक
7 विकेट गंवाने के बाद भी एलेक्स केरी एक छोर से लगातार हमला करते रहे। उन्होंने आठवें विकेट के लिए कैमरन ग्रीन के साथ 112 (236) रन की साझेदारी करके स्कोर को 557 रन तक पहुंचाया। इसी दौरान एलेक्स केरी ने अपना शतक 133 गेंद में 13 चौके की मदद से पूरा किया। उनके आउट होने के बाद ग्रीन पिच पर टिके रहे और उन्होंने 170 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। चायकाल तक ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट पर 575 रन बनाकर अपनी पारी समाप्ति का ऐलान कर दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा तीन विकेट एनरिक नॉर्खिया ने लिए। वहीं दो सफलता कगिसो रबाडा को मिली।दूसरी पारी में भी खराब रही द. अफ्रीका की शुरुआतपहली पारी में 386 रन से पिछड़ने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम का शुरुआत एक बार फिर खराब रही। कप्तान डीन एल्गर दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर पैट कमिंस की गेंद पर लपके गए। वो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। इसके पांच ओवर बाद अंपायरों ने दिन के खेल की समाप्ति का ऐलान कर दिया। मेहमान टीम ने 1 विकेट पर 15 रन अपनी दूसरी पारी में बना लिए हैं। सरेल इर्वी 7 और डीब्रुयन 6 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। हार का संकट अभी भी मेहमान टीम के ऊपर मंडरा रहा है। पारी की हार को टालने के लिए उसे अभी भी 371 रन बनाने हैं।
