ब्रिस्बेन: एशेज सीरीज में 1-0 से आगे चल रही मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने ब्रिस्बेन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की तीसरे दिन अपनी बढ़त को दोगुना करने की पूरी तैयारी कर ली है। तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया इंग्लैंड के पहली पारी में बनाए 334 रन के जवाब में 511 रन का स्कोर खड़ा करते 177 रन की बढ़त हासिल करने में सफल रही। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने कहर बरपाते हुए इंग्लैंड को दूसरी पारी में दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट पर 134 रन बनाने दिए और बैकफुट पर धकेल दिया। इंग्लैंड अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 43 रन पीछे है। इंग्लैंड के लिए अच्छी बात यह है कि कप्तान बेन स्टोक्स 4(24) रन बनाकर मैदान पर मौजूद हैं जो अकलेदम मैच का पासा पलटने का दमखम रखते हैं। वहीं उनका साथ 4(9) रन बनाकर विल जैक्स दे रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरी पारी में 2-2 विकेट मिचेल स्टार्क, माइकल नेसेर और स्कॉट बोलैंड झटकने में सफल रहे।
पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने हासिल की 177 रन की बढ़त
तीसरे दिन की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट पर 378 रन से की। मिशेल स्टार्क ने शनिवार को गेंद के बजाय बल्ले से इंग्लैंड को परेशान किया जिससे ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे एशेज क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन पहली पारी में 511 रन बनाकर 177 रन की बढ़त हासिल की। पैंतीस साल के स्टार्क ने इस दिन रात्रि मैच में 141 गेंद में 77 रन बनाए जो 2016 के बाद टेस्ट में उनका सबसे बड़ा स्कोर है। स्टार्क ने इंग्लैंड के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ टेस्ट स्कोर बनाने के लिए ढाई घंटे से ज्यादा समय क्रीज पर बिताया। उन्होंने 10वें नंबर के खिलाड़ी स्कॉट बोलैंड के साथ 75 रन की भागीदारी की जो गाबा पर नौवें विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी है। इंग्लैंड के लिए ब्रायडन कार्स ने 152 रन देकर चार विकेट जबकि कप्तान बेन स्टोक्स ने 113 रन देकर तीन विकेट झटके। गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर और विल जैक्स को एक एक विकेट मिला।
ऑस्ट्रेलिया ने सभी बल्लेबाजों ने छुआ दो अंक का आंकड़ा
टेस्ट क्रिकेट के लगभग 150 साल में यह सिर्फ तीसरी बार हुआ है जब एक टेस्ट पारी में ऑस्ट्रेलिया के सभी 11 बल्लेबाजों ने दोहरे अंक में रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए पांच खिलाड़ियों ने अर्धशतक जमाए जिसमें स्टार्क भी शामिल रहे। उनसे पहले सलामी बल्लेबाज जेक वेदरल्ड (72), तीसरे नंबर के बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन (65), कार्यवाहक कप्तान स्टीव स्मिथ (61) और विकेटकीपर-बल्लेबाज एलेक्स कैरी (63) ने भी अर्धशतक पूरे किए।
एलेक्स कैरी ने जड़ा शानदार अर्धशतक
श्रृंखला में अब तक 16 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज स्टार्क शनिवार को एलेक्स कैरी (63) और माइकल नेसर के बीच सातवें विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी टूटने के बाद चौथे ओवर में बल्लेबाजी करने उतरे। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सुबह छह विकेट पर 378 रन से अपनी पहली पारी आगे बढ़ाई। तब उसे 44 रन की बढ़त हासिल थी। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 334 रन बनाए थे। कैरी ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स की गेंद पर एक रन लेकर जल्द ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। नेसर (16) उसी ओवर में विकेट के पीछे कैच आउट हो गए।
स्टार्क ने ऑस्ट्रेलिया को पहुंचाया 500 रन के करीब
स्टार्क जब क्रीज पर उतरे तब ऑस्ट्रेलिया का स्कोर सात विकेट पर 383 रन था। स्टार्क ने 79वें ओवर में ब्रायडन कार्से पर चौका लगाकर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 400 के पार पहुंचाया, जबकि कैरी नई गेंद लिए जाने के बाद तीसरे ओवर में ही आउट हो गए। उन्होंने 69 गेंदों का सामना किया और छह चौके लगाए। वह गस एटकिंसन की गेंद पर कैच आउट हुए।
अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ाई इंग्लैंड की पारी
दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम को जैक क्रॉली और बेन डकेट की जोड़ी ने तेज और सधी हुई शुरुआत दिलाई। दोनों ने टीम को 48 रन तक पहुंचाया। लेकिन आठवें ओवर में बोलैंड ने बेन डकेट को बोल्ड करके ऑस्ट्रेलिया को पहली सफलता दिलाई। डकेट के आउट होने के बाद क्रॉली का साथ देने ओली पोप उतरे। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया और इंग्लैंड को 90 रन तक पहुंचाया। ऐसे में अर्धशतक की ओर बढ़ रहे क्रॉली(44) का कैच माइकल नेसेर ने अपनी ही गेंद पर लपककर इंग्लैंड को दूसरा झटका दे दिया। इसके बाद उन्होंने इसी अंदाज में ओली पोप(26) की पारी का भी अंत कर दिया।
134 रन पर इंग्लैंड ने गंवाए 6 विकेट
इंग्लैंड ने 97 के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए पहली पारी के शतकवीर जो रूट भी ज्यादा देर तक पिच पर नहीं टिक पाए। रूट को स्टार्क ने विकेट के पीछे कैच करा दिया। वो 15 रन बना सके। इसके बाद बोलैंड ने हैरी ब्रूक को एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराकर इंग्लिश टीम को पांचवां झटका दे दिया। ब्रूक 15 रन बना सके। जल्दी ही जैमी स्मिथ भी स्टार्क की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। वो 4 रन बना सके। दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 6 विकेट पर 134 रन बना लिए थे। बेन स्टोक्स 4 और विल जैक्स 4 रन बना लिए थे। ऑस्ट्रेलिया से इंग्लैंड अभी भी 43 रन पीछे है और उसके सिर पर पारी के अंतर से हार का खतरा मंडरा रहा है। चौथे दिन इंग्लैंड कितनी देर तक हार को टाल पाता है ये देखने वाली बात होगी।
(भाषा इनपुट के साथ)
