क्रिकेट

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछिए, हार के बाद ग्रीन के सवाल पर लाल हुए रहाणे

आईपीएल के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस ने अपने 13 साल का अभिशाप जीत के साथ दूर कर दिया। इस मैच में कोलकाता की गेंदबाजी बेहद खराब रही जिसके कारण मुंबई ने अपने आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा चेज हासिल कर लिया।

Image

अजिंक्य रहाणे (साभार-x)

मुंबई इंडियंस ने कोलकाता के खिलाफ मैच में ओपनिंग मैच ना जीत पाने के अपने 13 साल का इंतजार खत्म कर लिया। वानखेड़े में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई के सामने 221 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने 4 विकेट 5 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। इस मुकाबले में अगर कोलकाता की टीम 220 रन नहीं डिफेंड कर पाई तो इसके पीछ उसकी खराब गेंदबाजी और कप्तान के कुछ फैसले रहे। केकेआर के सबसे महंगे खिलाड़ी कैमरन ग्रीन को इस टीम ने आंद्रे रसेल की जगह शामिल किया था, लेकिन ग्रीन ने गेंदबाजी नहीं की।

मैच के बाद जब इसको लेकर कप्तान अजिंक्य रहाणे से सवाल किया गया तो उन्होंने इस पर ऐसा जवाब दिया जिसने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। रहाणे से जब ग्रीन को गेंदबाजी ना कराए जाने का कारण पूछा तो उन्होंने कहा 'यह सवाल आपको क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछना चाहिए। हमने अच्छी बल्लेबाजी की और मुझे लगा कि कार्तिक त्यागी ने अच्छी गेंदबाजी की। उन्होंने काफी देर बाद गेंदबाजी की, लेकिन वह वाकई बहुत अच्छे थे। रहाणे के इस बयान ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले आकाश चोपड़ा ने भी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर सवाल उठाए थे और मिचेल स्टार्क को फिट होने के बावजूद आईपीएल में देर से भेजे जाने की बात कही थी।

रहाणे ने अपनी इंजरी पर भी अपडेट साझा किया। उन्हें फील्डिंग करते समय मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा।

रहाणे की गैरमौजूदगी में भारत के ऑलराउंडर रिंकू सिंह ने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली। रिंकू को आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले उप-कप्तान बनाया गया था। अपनी इंजरी पर रहाणे ने कहा कि थोड़ा क्रैंप हैं, मुझे यकीन है कि मैं ठीक हो जाऊंगा। मुझे लगता है कि एमआई की बल्लेबाजी अच्छी थी। इससे हमारे गेंदबाजों को सीख मिली होगी। उन्होंने कहा कि आशा करता हूं कि ग्रीन जल्दी गेंदबाजी शुरू करेंगे और टीम बैलेंस नजर आएगी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article