क्रिकेट

Asia Cup 2025 Final IND vs PAK: बिना कप एशियन चैंपियन बनी टीम इंडिया, एसीसी प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से किया इनकार

भारतीय टीम ने पाकिस्तान को एशिया कप 2025 के फाइनल में खिताबी जीत दर्ज करने के बाद एसीसी प्रमुख और पाकिस्तानी मंत्री मोहसिन नक्वी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया।

Image

सूर्यकुमार यादव और सलमान अली आगा

Photo : AP

दुबई: एशिया कप चैम्पियन भारतीय टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के मंत्री मोहसिन नकवी से विजेता की ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर नौवीं बार एशिया कप जीता है। नकवी पुरस्कार वितरण समारोह शुरू होने से पहले एक तरफ खड़े थे और भारतीय खिलाड़ी 15 गज के भीतर खड़े थे। उन्होंने अपनी जगहों से हटने से इनकार कर दिया और समारोह में विलंब होता जा रहा है।

भारत ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार

समझा जाता है कि भारतीय टीम प्रबंधन ने पूछा कि विजेता की ट्रॉफी कौन देगा और एसीसी में आपस में बातचीत शुरू हो गई क्योंकि उन्हें पता है कि भारतीय टीम नकवी से ट्रॉफी लेना पसंद नहीं करेगी। नकवी के मंच पर आने के बाद दर्शकों से भारतीय प्रशंसकों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाने शुरू कर दिये। नकवी जैसे ही मंच पर आये, उन्हें बताया गया कि भारतीय टीम उनसे ट्रॉफी नहीं लेगी और वह जबर्दस्ती करेंगे तो आधिकारिक विरोध दर्ज किया जायेगा। नकवी इंतजार करते रहे और अचानक आयोजकों में से कोई ट्रॉफी ड्रेसिंग रूम के भीतर ले गया।

55 मिनट बाद ड्रेसिंग रूम से बाहर आई पाकिस्तानी टीम

एक अन्य नाटकीय घटनाक्रम में पाकिस्तानी टीम मैच खत्म होने के एक घंटे बाद तक ड्रेसिंग रूम से बाहर नहीं आई। सिर्फ पीसीबी अध्यक्ष नकवी अकेले खड़े होकर शर्मिंदगी झेलते रहे। करीब 55 मिनट बाद जब पाकिस्तानी टीम बाहर आई तो दर्शकों ने ‘इंडिया इंडिया’ के नारे लगाये। फाइनल से पहले ही अटकलें लगाई जा रही थी कि भारतीय खिलाड़ी जीतने पर नकवी से ट्रॉफी नहीं लेंगे। नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष और अपने देश के गृहमंत्री भी हैं और भारत विरोधी रवैये के लिये जाने जाते हैं।

भारतीय टीम ने नहीं मिलाया पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ

भारतीय टीम ने पाकिस्तान की ओर से किसी से भी हाथ नहीं मिलाने और मैदान से इतर कोई बातचीत नहीं करने की नीति अपनाई है। नकवी ने पिछले दिनों एक्स पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो का वीडियो डाला था जिसमें वह विमान क्रैश होने का इशारा करते हुए गोल का जश्न मना रहे थे। पाकिस्तान के विवादित तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने भी भारत के खिलाफ 21 सितंबर को सुपर 4 मैच के दौरान यही भड़काऊ इशारा किया था जिसकी वजह से उन पर जुर्माना लगाया गया था।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article