क्रिकेट

Asia Cup 2025: 'उनका बहिष्कार होना चाहिए..' एशिया कप में भारत-पाक मैच होने पर पूर्व क्रिकेटर ने जताई नाराजगी

Asia Cup 2025: पूर्व भारतीय क्रिकेटर अशोक डिंडा का मानना है कि भारत को पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप में नहीं खेलना चाहिए।एशिया कप-2025 में 14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान के बीच हाईवोल्टेज मैच खेला जाना है, लेकिन अशोक डिंडा चाहते हैं कि हर स्तर पर पाकिस्तान का बहिष्कार होना चाहिए।

Image

भारत बनाम पाकिस्तान (फोटो- AP)

Asia Cup 2025: पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अशोक डिंडा ने एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच प्रस्तावित मुकाबले को लेकर बड़ा बयान दिया है। डिंडा का स्पष्ट कहना है कि भारत को पाकिस्तान के साथ किसी भी स्तर पर कोई भी खेल या संबंध नहीं रखना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत को इस पड़ोसी देश का हर स्तर पर बहिष्कार करना चाहिए।

एशिया कप 2025 – भारत-पाक के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला

14 सितंबर 2025 को भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का हाईवोल्टेज मैच खेला जाना है, जिसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह है। हालांकि अशोक डिंडा का मानना है कि पाकिस्तान द्वारा बार-बार किए जा रहे आतंकी हमलों को देखते हुए भारत को इस मैच में भाग नहीं लेना चाहिए।

"पहले मैं भारतीय हूं"- अशोक डिंडा

आईएएनएस से बातचीत में अशोक डिंडा ने कहा कि “मैं एक खिलाड़ी के तौर पर जरूर चाहूंगा कि दोनों देश आपस में खेलें, लेकिन उससे पहले मैं एक भारतीय नागरिक हूं। पाकिस्तान बार-बार हमारे देश पर हमले कर रहा है। ऐसे में उसके साथ कोई संबंध नहीं रखना चाहिए, न ही खेल संबंध।”डिंडा की यह प्रतिक्रिया 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सामने आई है, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ ने ली थी। इसके बाद भारत ने "ऑपरेशन सिंदूर" के माध्यम से जवाबी कार्रवाई की थी।

रद्द हुआ वर्ल्ड चैंपियंस ऑफ लीजेंड्स मैच

हाल ही में भारत और पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ियों के बीच प्रस्तावित वर्ल्ड चैंपियंस ऑफ लीजेंड्स-2025 का मुकाबला भी रद्द कर दिया गया। इसमें कई भारतीय दिग्गजों ने अपनी भागीदारी से इनकार कर दिया था। यह निर्णय भी भारत में बढ़ते जनाक्रोश और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए लिया गया।

मैनचेस्टर टेस्ट – टीम इंडिया का जबरदस्त कमबैक

डिंडा ने इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में हुए चौथे टेस्ट मैच में टीम इंडिया के प्रदर्शन की तारीफ भी की। भारत ने पहली पारी में 358 रन बनाए जबकि इंग्लैंड ने 669 रन बनाकर विशाल बढ़त हासिल कर ली थी। ऐसे में मुकाबले में हार की आशंका बढ़ गई थी।

बल्लेबाजों ने बचाई लाज – डिंडा ने की सराहना

टीम इंडिया की दूसरी पारी में केएल राहुल (90), शुभमन गिल (103), वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 101) और रवींद्र जडेजा (नाबाद 107) ने अद्भुत धैर्य और तकनीक का परिचय दिया। डिंडा ने कहा कि 'यह शानदार कमबैक था। मैं टीम को बधाई देना चाहता हूं, विशेषकर सुंदर और रवींद्र जडेजा को जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी की।'

(IANS)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article