क्रिकेट

Ashes 2025: ऑस्ट्रेलिया को मिली बड़ी खुशखबरी, पैट कमिंस खेल सकते हैं गाबा टेस्ट

Ashes 2025: एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट ब्रिसबेन के गाबा में 4 दिसंबर से शुरू हो रहा है। इंजरी की वजह से लंबे समय से क्रिकेट से दूर कप्तान पैट कमिंस गाबा टेस्ट से वापसी कर सकते हैं। कमिंस की वापसी ऑस्ट्रेलिया की ताकत को और बढ़ाएगी।

Image

पैट कमिंस (फोटो- ICC)

Ashes 2025: इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच प्रतिष्ठित एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट 4 दिसंबर से ब्रिस्बेन के गाबा में शुरू होने जा रहा है। इस मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। पीठ की चोट के कारण लंबे समय से क्रिकेट से दूर चल रहे कप्तान पैट कमिंस इस गाबा टेस्ट से टीम में वापसी कर सकते हैं, जिससे ऑस्ट्रेलिया की ताकत में काफी इजाफा होगा।

कमिंस की वापसी से बढ़ेगी ऑस्ट्रेलिया की ताकत

'द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन' की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ऑस्ट्रेलिया की दूसरे टेस्ट के लिए घोषित होने वाली टीम में पैट कमिंस का नाम शामिल होगा। कमिंस की वापसी के अलावा, दूसरे टेस्ट के लिए घोषित होने वाली अंतिम एकादश (प्लेइंग इलेवन) में कोई बड़ा बदलाव दिखने की उम्मीद नहीं है।

पहले यह आशंका जताई जा रही थी कि सितंबर में लगी पीठ की इंजरी के कारण पैट कमिंस को एशेज के पाँचों टेस्ट से बाहर रहना पड़ सकता है, लेकिन कमिंस ने वापसी के लिए कठिन प्रयास किया है। कमिंस की वापसी से ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलेगी और निचले क्रम की बल्लेबाजी भी सुधरेगी। अगर वह वापसी करते हैं, तो कप्तानी की जिम्मेदारी एक बार फिर उन्हीं के पास होगी, जो फिलहाल स्टीव स्मिथ संभाल रहे हैं।

ब्रेंडन डॉजेट को बैठना पड़ सकता है बाहर

अगर कप्तान पैट कमिंस प्लेइंग इलेवन में वापसी करते हैं, तो युवा तेज गेंदबाज ब्रेंडन डॉजेट को बाहर बैठना पड़ सकता है।क्रिकेट.कॉम.एयू से बात करते हुए ब्रेंडन डॉजेट ने गुरुवार को कहा कि कमिंस ठीक हो रहे हैं, लेकिन अगर वह गाबा टेस्ट के लिए जगह नहीं बना पाते हैं, तो वह इस मौके का फायदा उठाने के लिए मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा, "फिलहाल हम जीत का मजा ले रहे हैं और सभी को अपने परिवारों के पास वापस जाने दे रहे हैं। हम रविवार को ब्रिस्बेन पहुंचेंगे।"

डॉजेट ने पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया था। भले ही मिचेल स्टार्क की तूफानी गेंदबाजी के आगे उनका प्रदर्शन थोड़ा दब गया था, लेकिन उनके आंकड़े शानदार थे। डॉजेट ने पर्थ टेस्ट की पहली पारी में 2 और दूसरी पारी में 3 विकेट लिए थे।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article