क्रिकेट

Ashes 2025: इंग्लैंड को मिली बड़ी खुशखबरी, प्रेक्टिस करने लौटे कप्तान बेन स्टोक्स

Ben Stokes Injury: एशेज सीरीज से पहले इंग्लैंड की टीम को बड़ी राहत मिली है। टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स कंधे की चोट के बाद ट्रेनिंग पर लौट आए हैं। ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड की टीमें पांच मुकाबलों की एशेज सीरीज 21 नवंबर से 8 जनवरी के बीच खेलेंगी। इस सीरीज में बेन स्टोक्स का खेलना जरूरी है।

Image

बेन स्टोक्स (फोटो- AP)

Ben Stokes Injury: एशेज सीरीज 2025 से पहले इंग्लैंड की टीम को बड़ी राहत मिली है। टीम के स्टार ऑलराउंडर और कप्तान बेन स्टोक्स कंधे की चोट से उबरने के बाद ट्रेनिंग पर लौट आए हैं। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच प्रतिष्ठित पांच टेस्ट मैचों की एशेज सीरीज 21 नवंबर से 8 जनवरी के बीच खेली जाएगी।

चोट के बाद वापसी से टूटी आशंकाएं

जुलाई में भारत के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट के दौरान कंधे की चोट झेलने वाले स्टोक्स को लेकर माना जा रहा था कि वह करीब 6-7 हफ्ते तक मैदान से दूर रहेंगे। इस वजह से उनकी एशेज में भागीदारी पर भी सवाल उठ रहे थे। लेकिन स्टोक्स ने उम्मीदों से कहीं पहले डरहम काउंटी टीम के साथ नेट्स में वापसी कर सभी आशंकाओं को खत्म कर दिया।

डरहम कोच की पुष्टि

डरहम के कोच रयान कैंपबेल ने बीबीसी रेडियो 5 लाइव पर स्टोक्स की वापसी की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि “स्टोक्स ट्रेनिंग पर वापस आ गए हैं। उन्होंने पिछले हफ्ते से बल्लेबाजी शुरू कर दी है। उनका सेशन वाकई शानदार रहा। करीब दो घंटे तक बल्लेबाजी करने के बाद उनकी लय अच्छी दिख रही है। हालांकि, गेंदबाजी शुरू करने में अभी थोड़ा और समय लगेगा।”

एशेज में स्टोक्स की अहमियत

कैंपबेल का मानना है कि इंग्लैंड अगर एशेज जीतना चाहता है, तो स्टोक्स का पांचों टेस्ट में खेलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि 'स्टोक्स टीम की बल्लेबाजी लाइन-अप को मजबूत बनाते हैं। इसके अलावा वह तीसरे या चौथे तेज गेंदबाज के रूप में एक बेहतरीन विकल्प हैं। लंबे स्पेल डालकर वह विकेट दिलाने में सक्षम हैं। उनकी मेहनत और जुनून उन्हें अब तक के सबसे महान ऑलराउंडर्स में से एक बनाते हैं।”

वर्कलोड को लेकर चिंता

हालांकि कैंपबेल ने स्टोक्स की फिटनेस और वर्कलोड को लेकर चिंता भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि 'स्टोक्स एशेज के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे, लेकिन क्या वह लगातार पांच टेस्ट मैच खेल पाएंगे, इस पर मुझे संदेह है। वह जरूर कोशिश करेंगे, लेकिन वर्कलोड उनके लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।'

भारत के खिलाफ आखिरी मैच नहीं खेल पाए थे स्टोक्स

भारत के खिलाफ हालिया टेस्ट सीरीज के दौरान चौथे टेस्ट में चोटिल होने के बाद स्टोक्स पांचवें और निर्णायक टेस्ट से बाहर हो गए थे। उनकी गैरमौजूदगी में ओली पोप को कार्यवाहक कप्तान बनाया गया था। तब से लेकर अब तक उन्होंने कोई भी मैच नहीं खेला था।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article