Andre Russell Retirement: वेस्टइंडीज के पावर-हिटर आंद्रे रसेल ने अपने करियर की बेस्ट इनिंग के बारे में बात की है। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2016 के सेमीफाइनल में खेली गई पारी को बेस्ट करार दिया है जब वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया को पटखनी देकर फाइनल में जगह बनाई थी। उस मुकाबले में वेस्टइंडीज की टीम 193 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी और आंद्रे रसेल ने ताबड़तोड़ अंदाज में 20 गेंद में 43 रन की पारी खेली थी। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए थे।
रसेल उस मुकाबल में 5वें नंबर पर क्रीज़ पर उतरे जब टीम को 41 गेंदों में 77 रनों की ज़रूरत थी। रसेल ने आक्रामक रुख अपनाया और 43 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिला दी। उन्होंने विराट कोहली की गेंद को मिडविकेट पर बाउंड्री लगाकर दो गेंद शेष रहते अपनी टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। रसेल ने क्रिकेट वेस्टइंडीज को दिए इंटरव्यू में ईएसपीएनक्रिकइंफो के हवाले से कहा, "निश्चित रूप से मेरा सबसे अच्छा मोमेंट 2016 विश्व कप का सेमीफाइननल मैच था।
उन्होंने कहा, "भारत में सेमीफाइनल में 190 से अधिक रनों के लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल था। लेकिन हम जीतने में सफल रहे। वेस्टइंडीज़ न केवल फाइनल में पहुंची थी, बल्कि फाइनल में उसने इंग्लैंड को हराकर चार साल में दूसरी बार टी20 विश्व कप का ख़िताब अपने नाम किया।
उन्होंने कहा, "ज़ाहिर है, दो विश्व कप, यह एक अलग ही एहसास है। आप फाइनल के बाद वाली सुबह उठते हैं और आपको एहसास होता है कि आप सिर्फ़ दो घंटे ही सोए हैं, लेकिन फिर भी आप फ्रेश महसूस करते हैं क्योंकि आप बस यह देखना चाहते हैं कि इंटरनेट पर क्या चल रहा है। मेरे लिए वेस्टइंडीज़ के लिए खेलते हुए ये दो सबसे महत्वपूर्ण मोमेंट हैं।
रसेल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर होने वाली पाँच मैचों की टी20 सीरीज़ के शुरुआती दो मैचों के लिए टीम में चुने जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। ये दोनों टी20 मैच उनके घरेलू मैदान, जमैका के सबीना पार्क में खेले जाएंगे और यह मैदान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से उनके विदाई मैच के तौर पर मनाया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि यह मेरे अंतरराष्ट्रीय करियर के अंत के लिए एकदम सही मैदान है। सोशल मीडिया पोस्ट और इंटरनेट पर चल रही चीज़ों को देखकर, सच कहूं तो, मैं थोड़ा भावुक हो जाता हूं, लेकिन, आप जानते हैं, फ़ैसला हो चुका है।
