लीग में हिस्सा लेने वाली छह टीमें सेंट्रल दिल्ली किंग्स, ईस्ट दिल्ली राइडर्स, नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स, पुरानी दिल्ली 6, साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स और वेस्ट दिल्ली लायंस हैं।
ऋषभ पंत इस लीग में अगर अपनी उपलब्धता के आधार पर कुछ मैच खेलने में कामयाब रहे तो सबसे बड़ा आकर्षण होंगे। इसमें शामिल अन्य बड़े नामों में इशांत शर्मा, हर्षित राणा, नवदीप सैनी और आयुष बडोनी है।
लीग के लिए खिलाड़ियों को चार श्रेणियों में बांटा गया है जिसमें मार्की ए ग्रुप में प्रति खिलाड़ी का वेतन 10 लाख रुपये होगा। विजेता टीम को एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।
डीडीसीए के अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा कि प्रमुख ओटीटी प्लेटफॉर्म पर लाइव प्रसारित होने वाले मैचों में हॉक आई और डीआरएस की सुविधा भी होगी।
मैच फिक्सिंग और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘भ्रष्टाचार के संबंध में शून्य सहिष्णुता अपनाई जायेंगी। बीसीसीआई की भ्रष्टाचार निरोधी इकाई काम करेगी और आचार संहिता के संबंध में बीसीसीआई के दिशानिर्देशों का पालन किया जाएगा।’’
(भाषा इनपुट के साथ)
