क्रिकेट

7 साल बाद क्रिकेट में वापसी करेंगे एलिस्टर कुक, इस प्रतियोगिता में लेंगे भाग

Alaister Cook Return: इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी 7 साल बाद क्रिकेट के मैदान पर कदम रखने वाले हैं। एलिस्टर कुक चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में इंग्लैंड चैंपियंस टीम का हिस्सा बनेंगे। कुक ने 2018 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था, लेकिन अब वह एक बार फिर क्रिकेट फैंस के सामने अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं।

Image

एलिस्टर कुक (फोटो- ICC)

Alaister Cook Return: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज सर एलेस्टेयर कुक ने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की घोषणा कर दी है। वह जुलाई 2025 में बर्मिंघम के एजबस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में इंग्लैंड चैंपियंस टीम का हिस्सा बनेंगे। कुक ने 2018 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था, लेकिन अब वह एक बार फिर क्रिकेट फैंस के सामने अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं।

मॉर्गन के साथ फिर से जुड़ेंगे कुक

कुक इस टूर्नामेंट में अपने पूर्व साथी और इंग्लैंड के सफेद गेंद क्रिकेट के महानायक इयोन मॉर्गन के साथ खेलेंगे, जो इंग्लैंड चैंपियंस टीम का नेतृत्व करेंगे। इस जोड़ी के एक बार फिर साथ आने से क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है।

कुक ने अपनी वापसी पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि - "अपने देश के लिए फिर से खेलना बेहद खास होगा। मैं इयोन और बाकी साथियों के साथ मैदान पर वापसी करने को लेकर बेहद उत्साहित हूँ। WCL क्रिकेट के महानतम खिलाड़ियों को एक मंच पर ला रहा है, और मैं इसका हिस्सा बनकर गर्व महसूस कर रहा हूँ।"

क्या है वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स?

WCL एक ऐसा टूर्नामेंट है जहाँ दुनिया भर के पूर्व क्रिकेट सितारे एक बार फिर अपने जलवे दिखाते हैं। इस प्रतियोगिता में कई दिग्गज खिलाड़ी शामिल होते हैं, जिससे यह क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव बन जाता है। कुक के इस टूर्नामेंट में शामिल होने से इंग्लैंड चैंपियंस की टीम को भारी मजबूती मिली है।

मॉर्गन ने कुक का किया स्वागत

इयोन मॉर्गन ने कुक की वापसी पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि "एलेस्टेयर की वापसी सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि दोस्ती, इतिहास और नई यादें बनाने का मौका है। हम सिर्फ खेल नहीं खेल रहे, बल्कि इस खेल के प्रति अपना सम्मान दिखा रहे हैं।"

कुक का शानदार करियर

एलेस्टेयर कुक ने अपने करियर में 161 टेस्ट मैच खेले और 45.35 की औसत से 12,472 रन बनाए, जिसमें 33 शतक शामिल हैं। वह इंग्लैंड के सबसे सफल टेस्ट कप्तानों में से एक रहे हैं और उनकी वापसी से WCL में एक नया रोमांच पैदा होगा।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article