क्रिकेट

Ajinkya Rahane unwanted Record: अजिंक्य रहाणे ने की रोहित शर्मा के अनचाहे टी20 रिकॉर्ड की बराबरी

कोलकाता नाईट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे गुजरात के खिलाफ अपना खाता नहीं खोल पाए। इसके साथ ही उन्होंने टी20 क्रिकेट में रोहित शर्मा के एक अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

Image

अजिंक्य रहाणे (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

अहमदाबाद: कोलकाता नाईट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने शुक्रवार को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रहाणे नए जोड़ीदार टिम सीफर्ट के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे, लेकिन पारी की चौथी ही गेंद पर पहला झटका केकेआर को लगा। रहाणे मोहम्मद सिराज की गेंद पर कगिसो रबाडा के हाथों लपके गए। रहाणे गोल्डन डक बनाकर पवेलियन वापस लौटे। इसके साथ ही रहाणे के नाम एक अनचाहा शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

की रोहित शर्मा के अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी

अजिंक्य रहाणे अपने करियर के 300वें टी20 मुकाबले में खाता नहीं खोल सके और भारत के लिए रोहित शर्मा के साथ साझा रूप से सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले ओपनर बन गए। रोहित शर्मा 245 पारी में ओपनिंग करते हुए 17 बार अपना खाता खोलने में नाकाम रहे वहीं रहाणे 203 मैच में ओपनिंग करते हुए 17वीं बार अपना खाता नहीं खोल पाए और रोहित शर्मा के अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इस सूची में तीसरे पायदान पर अभिषेक शर्मा हैं जो 151 मैच की 15 पारी में अपना खाता ओपनिंग करते हुए नहीं खोल पाए।

संघर्ष कर रही है केकेआर की टीम, बल्ले के साथ किया है शानदार प्रदर्शन

रहाणे की कप्तानी में कोलकाता नाईट राइडर्स की टीम लगातार संघर्ष कर रही है। पहले पांच मैच में से चार में उसे हार मिली और एक भी मैच नहीं जीत सकी। एक मैच कोलकाता का बारिश की भेंट चढ़ गया। ऐसे में गुजरात के खिलाफ मैच में भी कोलकाता की दाल गलती नहीं दिखी और उसके सिर पर पांचवीं हार का खतरा मंडरा रहा है। रहाणे बतौर बल्लेबाज तो सीजन में सफल रहे हैं। उन्होंने अबतक खेले 6 मैच की 6 पारी में एक बार नाबाद रहते हुए 30.40 के औसत 147.57 के स्ट्राइक रेट से 152 रन बनाए हैं। इसमें एक अर्धशतक शामिल शामिल हैं। 67 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article