देश

पटना एयरपोर्ट पर इमरान प्रतापगढ़ी के सामने मीडियाकर्मियों से धक्का-मुक्की, सवाल पूछने पर भड़के कांग्रेस कार्यकर्ता

कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी राहुल गांधी के निर्देश पर सिवान पुलिस फायरिंग और छात्रों से जुड़े घटनाक्रम की जांच के लिए पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया के सवाल पूछने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पत्रकारों से धक्का-मुक्की करने के आरोप लगे। वहीं, इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि कांग्रेस की टीम बिहार में छात्रों के साथ हुई कथित ज्यादतियों की जांच कर पीड़ितों से मिलेगी और अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेगी।

Image

सिवान जांच के लिए पटना पहुंचे इमरान प्रतापगढ़ी, मीडिया से धक्का-मुक्की के बीच NDA सरकार पर साधा निशाना।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी शनिवार को बिहार की राजधानी पटना पहुंचे। वह कांग्रेस की उस जांच टीम का हिस्सा हैं, जिसे राहुल गांधी के निर्देश पर सिवान में पुलिस फायरिंग और छात्रों से जुड़े घटनाक्रम की जांच के लिए भेजा गया है।

पटना एयरपोर्ट पर इमरान प्रतापगढ़ी के पहुंचने के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब मीडिया ने उनसे सवाल पूछने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पत्रकारों के साथ धक्का-मुक्की की और कैमरों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धक्का-मुक्की के दौरान इमरान प्रतापगढ़ी अपनी गाड़ी में बैठे रहे और उन्होंने कार्यकर्ताओं को रोकने या शांत रहने की सार्वजनिक अपील नहीं की। हालांकि, इस संबंध में उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

'बिहार में छात्रों के साथ हुई ज्यादतियों का मुद्दा उठाएगी कांग्रेस'

मीडिया से बातचीत में इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि कांग्रेस की टीम बिहार में छात्रों के साथ हुई कथित ज्यादतियों और सिवान की घटना की जांच के लिए अलग-अलग स्थानों का दौरा करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार ने दिल्ली में भी छात्रों पर अत्याचार किया और बिहार में भी छात्रों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी के निर्देश पर कांग्रेस की टीम पूरे मामले की जांच करेगी और पीड़ितों से मिलकर उनकी बात सुनेगी।"

कांग्रेस का कहना है कि जांच के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपी जाएगी। वहीं, मीडिया से धक्का-मुक्की की घटना को लेकर पत्रकारों में नाराजगी भी देखने को मिली। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article