KKR IPL 2025 New Captain: कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने इंडियन प्रीमियर लीग 2025 की शुरुआत से पहले अपने कप्तान का ऐलान कर दिया है। टीम ने दिग्गज खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे को कमान सौंपी है। वहीं इसके अलावा वेंकटेश अय्यर को उप-कप्तान बनाया गया है। अजिंक्य रहाणे के पास आईपीएल में कप्तानी का अच्छा अनुभव है और वे टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी भी हैं। वहीं वेंकटेश अय्यर रहाणे के साथ रहकर खुद को तैयार कर सकते हैं। अजिंक्य रहाणे के सामने अपने टाइटल को डिफेंड करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
अजिंक्य रहाणे को कप्तान बनाते हुए टीम के सीईओ वेंंकी मैसूर ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि 'हम अजिंक्य रहाणे जैसे खिलाड़ी को पाकर बहुत खुश हैं, जो एक लीडर के रूप में अपने अनुभव और परिपक्वता के साथ आए हैं। साथ ही, वेंकटेश अय्यर केकेआर के लिए एक फ्रैंचाइज़ी खिलाड़ी रहे हैं और उनमें नेतृत्व के कई गुण हैं। हमें विश्वास है कि वे हमारे खिताब की रक्षा के लिए अच्छा प्रदर्शन करेंगे।"
ये मेरे लिए सम्मान की बात- अजिंक्य रहाणे
नेतृत्व की भूमिका स्वीकार करते हुए रहाणे ने कहा कि 'केकेआर का नेतृत्व करने के लिए कहा जाना सम्मान की बात है, जो आईपीएल में सबसे सफल फ्रैंचाइज़ी में से एक रही है। मुझे लगता है कि हमारे पास एक बेहतरीन और संतुलित टीम है। मैं सभी के साथ काम करने और अपने खिताब की रक्षा करने की चुनौती लेने के लिए उत्सुक हूं।'
कोलकाता नाइट राइडर्स का स्क्वॉ़ड
रिंकू सिंह, वरुण चक्रवर्ती, सुनील नरेन, आंद्रे रसेल, हर्षित राणा, रमनदीप सिंह, वेंकटेश अय्यर, क्विंटन डी कॉक, रहमानुल्लाह गुरबाज, एनरिक नॉर्खिया, अंगकृष रघुवंशी, वैभव अरोड़ा, मयंक मारकंडे, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, स्पेंसर जॉनसन, लवनिथ सिसौदिया, अजिंक्य रहाणे, अनुकूल रॉय, मोईन अली, उमरान मलिक
