क्रिकेट

अफगानिस्तान के कप्तान का बयान- भारत को वनडे सीरीज में हराने की पूरी तैयारी

IND vs AFG: अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने बड़ा बयान दिया है। शाहिदी को पूरा भरोसा है कि राशिद खान की अगुवाई वाली उनकी स्पिन तिकड़ी भारत को हराने में अहम भूमिका निभाएगी। यह सीरीज दोनों टीमों के लिए 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों की शुरुआत भी है।

Image

अफगानिस्तान कप्तान (X)

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार 13 जून को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। इसे लेकर अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने बड़ा बयान दिया है। शाहिदी को पूरा भरोसा है कि राशिद खान की अगुवाई वाली उनकी स्पिन तिकड़ी भारत को हराने में अहम भूमिका निभाएगी। यह सीरीज दोनों टीमों के लिए 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों की शुरुआत भी है। भारत और अफगानिस्तान दोनों ही अगले वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर इस सीरीज में उतरेंगे।

धर्मशाला की पिच और स्पिनरों पर भरोसा

पहले वनडे से पहले मीडिया से बात करते हुए शाहिदी ने कहा, "हमें इस मैदान पर खेलने का अनुभव है। हमने पिछली बार यहां 2023 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ मैच खेला था। मुझे वो पिच आज भी याद है।" उन्होंने आगे जोड़ा, "भारत में गर्मी के मौसम में पिचें स्पिनरों की मदद करती हैं। हमारे लिए अच्छी बात ये है कि हमारे पास राशिद खान, एएम गजनफर और मोहम्मद नबी जैसे वर्ल्ड क्लास स्पिनर हैं। ये तीनों किसी भी टीम के लिए खतरा बन सकते हैं।"

भारत को बताया मुश्किल प्रतिद्वंद्वी

शाहिदी ने टीम इंडिया की तारीफ करते हुए कहा, "वनडे फॉर्मेट में भारत बहुत मजबूत टीम है। वो पिछले वर्ल्ड कप का फाइनल खेल चुके हैं। उनके खिलाफ खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है।"उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान की नजरें भी 2027 वर्ल्ड कप पर हैं। "हम यहां से अपने वर्ल्ड कप सफर की शुरुआत कर रहे हैं। अभी ये तय नहीं है कि कौन सी टीमें क्वालीफाई करेंगी, लेकिन हम फिलहाल आईसीसी वनडे रैंकिंग में सातवें नंबर पर हैं। हमारा लक्ष्य टॉप-5 में आना है।"

2027 वर्ल्ड कप का रोडमैप

वनडे वर्ल्ड कप 2027 अक्टूबर-नवंबर में दक्षिण अफ्रीका में खेला जाएगा। अफगानिस्तान ने 2023 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका जैसी बड़ी टीमों को हराकर सबको चौंकाया था। अब टीम का मकसद उस प्रदर्शन को लगातार दोहराना है।शाहिदी ने कहा, "भारत के खिलाफ ये पहली द्विपक्षीय सीरीज है। हम इसे हल्के में नहीं ले रहे। हमारे पास युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा मिक्स है। अगर स्पिनरों को पिच से मदद मिली तो हम भारत को कड़ी टक्कर देंगे।"धर्मशाला की पिच परंपरागत रूप से तेज गेंदबाजों की मददगार मानी जाती है, लेकिन दोपहर में धूप तेज होने पर स्पिनरों को भी टर्न मिलता है। ऐसे में राशिद-नबी-गजनफर की तिकड़ी टीम इंडिया के बल्लेबाजों के लिए मुसीबत बन सकती है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article