क्रिकेट

130 साल बाद क्रिकेट में हुआ था ऐसा कारनामा, इस बल्लेबाज ने रचा था इतिहास

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Nov 17, 2022, 06:14 PM IST

Adam Gilchrist completed 100 sixes today: क्रिकेट इतिहास में आज (17 नवंबर) की तारीख खास है। ये वही तारीख है जब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने टेस्ट क्रिकेट में वो कमाल कर दिखाया था जिसके लिए क्रिकेट जगत को 130 सालों तक पलक बिछाकर इंतजार करना पड़ा था।

Image

एडम गिलक्रिस्ट (ICC)

Photo : Twitter

Cricket Throwback, 17th November: क्रिकेट के खेेल में आंकड़ों का महत्व उतना ही है जितना कि इस खेल के स्वरूप का। क्रिकेट का कोई भी प्रारूप हो, आंकड़े हर खिलाड़ी, हर प्रतिद्वंद्विता और हर देश के लिए बहुत मायने रखते हैं। खेल के इस लंबे गौरवपूर्ण इतिहास में तमाम तरह के रिकॉर्ड बने हैं और कई खिलाड़ियों ने ऐसे आंकड़े भी बनाए जिन्हें भूल पाना या नजरअंदाज करना मुश्किल है। ऐसा ही एक आंकड़ा आज की तारीख के नाम है, जिसे ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने अंजाम दिया था।

ऑस्ट्रेलिया के ताबड़तोड़ ओपनर एडम गिलक्रिस्ट इस खेल में तमाम विकेटकीपर बल्लेबाजों के लिए प्रेरणा रहे हैं और आज भी खिलाड़ी उनकी शैली से सीखने का प्रयास करते हैं। क्रिकेट में कई रिकॉर्ड इस धाकड़ खिलाड़ी ने अपने नाम किए लेकिन आज के दिन 2007 में एडम गिलक्रिस्ट ने वो कर दिखाया था जिसके लिए क्रिकेट जगत और करोड़ों फैंस 130 सालों से इंतजार कर रहे थे। किसी भी खिलाड़ी ने ऐसा कमाल नहीं किया था।

गिलक्रिस्ट का बेमिसाल रिकॉर्ड

हम बात कर रहे हैं टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्कों के रिकॉर्ड की। क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में चौकों का दबदबा रहा है और छक्के जड़ने से खिलाड़ी हिचकिचाते ही रहे हैं। कुछ ही ऐसे धाकड़ खिलाड़ी हुए हैं जिन्होंने इस प्रारूप में भी छक्कों की बौछार की है और एडम गिलक्रिस्ट उस सूची में सबसे पहले अपना नाम दर्ज कराने में सफल रहे थे। वो 17 नवंबर 2007 को 100 टेस्ट छक्कों का रिकॉर्ड बनाकर ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। ये कमाल 130 सालों बाद हुआ था।

वो यादगार मैच..

होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच खेले गए इस मैच में गिलक्रिस्ट ने मुथैया मुरलीथरन की दो लगातार गेंदों पर छक्के जड़ते हुए अपना 99वां और 100वां छक्का पूरा किया था। वो गिलक्रिस्ट का 92वां टेस्ट मैच था।

किसने-किसने 100 छक्के जड़े

वैसे टेस्ट क्रिकेट में आज तक सिर्फ तीन खिलाड़ियों ने टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्कों का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इन तीन खिलाड़ियों में भी सिर्फ एक खिलाड़ी इंग्लैंड के बेन स्टोक्स हैं जो अब भी सक्रिय हैं। गिलक्रिस्ट इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं, जबकि शीर्ष पर न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रैंडन मैकुलम का नाम दर्ज है। मैकुलम ने सर्वाधिक 107 छक्के जड़े, बेन स्टोक्स ने अब तक 103 छक्के जड़े हैं जबकि एडम गिलक्रिस्ट ने 100 छक्के जड़े।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article