स्पोर्ट्स

India vs Pakistan Hockey: भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान को दी मात, यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप में विजयी अभियान जारी

भारतीय सब-जूनियर हॉकी की टीम ने FIH यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप के एलीट पूल में पाकिस्तान को मात देकर अपना विजयी अभियान जारी रखा है। भारत ने पाकिस्तान को 7-4 से मात दी। भारत की तरफ से करण गौतम ने तीन, राहुल यादव, प्रहलाद, कप्तान कुशवाहा और रोमित पाल ने एक-एक गोल दागा। टूर्नामेंट में भारत की यह लगातार दूसरी जीत है।

Image

भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान को हराया। फोटो- Hockey India

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान किसी भी खेल के मैदान पर भिड़ें, मैच हमेशा रोमांचक होता है। कई भारतीय टीम ने पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में मात दी है। एक बार फिर भारत के लड़कों ने कमाल कर दिया है। हालांकि, इस बार यह कमाल सब-जूनियर लेवल पर हुआ है। जी हां, भारतीय सब-जूनियर हॉकी टीम ने FIH यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप के एलीट पूल में पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में करारी शिकस्त दी। पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने 7-4 से मैच जीता।

भारतीय सब-जूनियर हॉकी की टीम ने FIH यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप के एलीट पूल में पाकिस्तान को मात देकर अपना विजयी अभियान जारी रखा है। इससे पहले भारत ने ओमान को हराया था। उस मैच में केतन कुशवाहा की कप्तानी में भारत ने ओमान पर 14-0 से शानदार जीत दर्ज की थी, जिसमें कप्तान ने चार गोल (6वें मिनट, 11वें मिनट, 15वें मिनट, 20वें मिनट) किए। आशीष तानी पूर्ति (1मिनट, 16वें मिनट, 19वें मिनट) ने हैट्रिक लगाई, जबकि राहुल यादव (2 मिनट, 12वें मिनट) और शाहरुख अली (3 मिनट, 13वें मिनट) ने दो-दो गोल किए। प्रहलाद राजभर (9वें मिनट), करण गौतम (15वें मिनट) और रोमित पाल (18वें मिनट) ने भी गोल किए।

पाकिस्तान को 7-4 से हराया

पाकिस्तान के खिलाफ भारत 7-4 से जीता, जिसमें करण गौतम (5वें मिनट, 9वें मिनट, 19वें मिनट) ने हैट्रिक पूरी की। राहुल यादव (3 मिनट), प्रहलाद राजभर (10वें मिनट), कप्तान कुशवाहा (11वें मिनट) और रोमित पाल (11वें मिनट) भारत के लिए अन्य गोल करने वाले खिलाड़ी थे। वहीं, पाकिस्तान के लिए असलम मुहम्मद फरहान (6वें मिनट), अदील (8वें मिनट) और उस्मान मुहम्मद (10वें और 16वें मिनट) ने पाकिस्तान के लिए गोल किए। भारतीय टीम ने अपने दो मुकाबलों में दोनों में जीत दर्ज की है।

लड़कियों ने भी किया कमाल

वहीं, भारतीय सब-जूनियर लड़कियों का चीन के साथ मैच 2-2 से ड्रॉ रहा, जिसके बाद उन्होंने एक और एलीट पूल मैच में उज़्बेकिस्तान को 16-0 से करारी शिकस्त दी। चेन गे (4 मिनट) द्वारा चीन को बढ़त दिलाने के बाद ज़्यादातर समय पिछड़ने के बाद, भारत ने नौशीन नाज (16वें मिनट, 17वें मिनट) के ज़रिए वापसी की, जिन्होंने दो गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिलाई।

हालांकि, जियाक्सिन गुओ (19वें मिनट) ने देर से बराबरी का गोल करके चीन को अंक दिलाने में मदद की। इसके बाद भारत ने उज़्बेकिस्तान पर शानदार जीत के साथ दिन का समापन किया, जिसमें नौशीन नाज (6वें मिनट, 9वें मिनट, 15वें मिनट, 16वें मिनट) ने एक बार फिर चार गोल किए।

मिल सकता है FIH यूथ हॉकी5s वर्ल्ड कप का टिकट

संदीपा कुमारी (2 मिनट, 6वें मिनट, 20वें मिनट) और कप्तान स्वीटी कुजूर (10वें, 13वें और 20वें मिनट) ने हैट्रिक लगाई, जबकि दीया (3 और 17वें मिनट) और पुष्पा मांझी (11वें और 13वें मिनट) ने दो-दो गोल किए। किरण एक्का (8वें मिनट) और नीलम टोपनो (18वें मिनट) ने भी गोल किए। यह टूर्नामेंट पहली बार होने वाले FIH यूथ हॉकी5s वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफायर का काम करता है।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article