क्रिकेट

IND vs PAK: 'गुरु से भी आगे निकला चेला' पाकिस्तान के खिलाफ अभिषेक ने तोड़ दिया युवी का महारिकॉर्ड

Abhishek Sharma Broke Yuvraj Singh Record: भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने एशिया कप 2025 के सुपर-4 के मुकाबले में दुबई क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ विस्फोटक अर्धशतक लगाया। इस दौरान उन्होंने अपने गुरु युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Image

अभिषेक शर्मा (फोटो- AP)

Abhishek Sharma Broke Yuvraj Singh Record: भारतीय टीम के युवा और विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने दुबई क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एशिया कप 2025 सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया।उन्होंने अपने गुरु युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ते हुए पाकिस्तान के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए।

24 गेंदों में अर्धशतक, रचा नया रिकॉर्ड

अभिषेक ने अपनी आतिशी पारी में सिर्फ 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने कुल 39 गेंदों पर 5 छक्के और 6 चौके जड़ते हुए 74 रन बनाए।इससे पहले यह रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम था, जिन्होंने 2012 में अहमदाबाद में पाकिस्तान के खिलाफ 29 गेंदों पर अर्धशतक जमाया था। अभिषेक को उनकी विस्फोटक पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

गिल के साथ साझेदारी बनी जीत की कुंजी

अभिषेक शर्मा ने सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 9.5 ओवर में 105 रन की साझेदारी कर भारत की जीत की नींव रखी।गिल ने 28 गेंदों में 47 रन की पारी खेली। उनकी इस साझेदारी ने भारत के पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन व्हाइट बॉल को सफल बनाया।

भारत की शानदार जीत

पाकिस्तान द्वारा दिए गए 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर 174 रन बनाए और मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम किया।भारत की तरफ से तिलक वर्मा (30*) और हार्दिक पांड्या (7*) नाबाद लौटे, जबकि संजू सैमसन 13 रन बनाकर आउट हुए।

पाकिस्तान की पारी: फरहान ने दिखाया दम

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 171 रन बनाए।सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने 45 गेंदों में 58 रन की अहम पारी खेली, जिसमें 3 छक्के और 5 चौके शामिल थे।उनके साथ फखर जमान ने 9 गेंदों में 15 रन बनाए, जबकि सईम अयूब ने 17 गेंदों में 21 रन का योगदान दिया।

नवाज और आगा ने दिलाई चुनौतीपूर्ण स्थिति

मध्यक्रम में हुसैन तलत 11 गेंदों पर 10 रन ही बना सके। पाकिस्तान ने चौथा विकेट 115 रन पर गंवाया।इसके बाद मोहम्मद नवाज (21 रन) और कप्तान सलमान आगा (17 रन) ने पांचवें विकेट के लिए 34 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।18वें ओवर में पाकिस्तान ने 17 रन बटोरे, लेकिन 18.3 ओवर में मोहम्मद नवाज रन आउट हो गए।

मैच का नतीजा और आगे का सफर

भारत ने इस रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर सुपर-4 में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।अभिषेक शर्मा की ताबड़तोड़ पारी ने उन्हें एक नई पहचान दी और युवराज सिंह का पुराना रिकॉर्ड तोड़कर उन्होंने टीम इंडिया के लिए नई उम्मीदें जगा दीं।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article