क्रिकेट

IND vs AUS 2nd T20I: मेलबर्न टी20 में आतिशी अर्धशतक जड़ने के बाद अभिषेक शर्मा ने खोला अपनी बेखौफ बल्लेबाजी का राज

अभिषेक शर्मा ने मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के दूसरे टी20 में आतिशी अर्धशतकीय पारी खेलने के बाद अपनी बेखौफ बल्लेबाजी का राज साझा किया है और एमसीजी ने टीम की हार की वजह भी बताई है।

Image

अभिषेक शर्मा

Photo : AP

मेलबर्न: युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने शुक्रवार को एमसीजी में खेले गए टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के बाद स्वीकार किया कि ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों में अतिरिक्त उछाल और अनुशासित गेंदबाजी ने भारतीय बल्लेबाजी इकाई को थोड़ा हैरान कर दिया। ऑस्ट्रेलिया में अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेल रहे अभिषेक ने कहा कि मेहमान टीम को तेज गति और उछाल का अंदाजा था लेकिन फिर भी वे इस बात से हैरान थे कि घरेलू गेंदबाजों ने दूसरे मैच में परिस्थितियों का कितना प्रभावी ढंग से फायदा उठाया।

बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने 68 रन की जुझारू पारी खेली जिससे वह मेहमान टीम के लिए शीर्ष स्कोरर रहे। लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट से जीत हासिल की। अभिषेक ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा,'चुनौती यह है कि मेरी तरह कई खिलाड़ियों का यहां यह पहला दौरा है। हमें अतिरिक्त उछाल और गति के बारे में पता था, लेकिन फिर भी उन्होंने जिस तरह से गेंदबाजी की, उसने हमें हैरान कर दिया। वे अपनी लाइन एंव लेंथ में बहुत अनुशासित थे। और इसका श्रेय उन्हें जाता है।'

पारी की शुरुआत करने वाले इस बल्लेबाज ने कहा कि जैसे ही विकेट जल्दी गिरने लगे टीम की योजना में बदलाव करना पड़ा। उन्होंने कहा, 'हमारी योजना शुरुआत में दबदबा बनाने की थी, लेकिन यह हमारे लिए थोड़ा अप्रत्याशित था। जब आपके सामने विकेट गिर रहे हों, तो बल्लेबाज चाहे कोई भी हो, आपको टीम के लिए खेलना ही होता है। विकेट मुश्किल था, शॉट लगाना आसान नहीं था।'

अभिषेक ने दबाव में संयम दिखाने के लिए अपने निचले क्रम के साथी हर्षित राणा की प्रशंसा की जिनके साथ उन्होंने छठे विकेट के लिए 56 रन जोड़े। उन्होंने कहा, 'मुझे पता था कि हर्षित बल्लेबाजी कर सकता है। वह नेट्स में मेरी गेंदों पर कई छक्के लगाता है। उसने मुझसे कहा कि थोड़ा सामान्य खेलते हैं। और इससे मदद मिली। दाएं बाएं संयोजन ने अच्छा काम किया। इसलिए वह बल्लेबाजी क्रम में शिवम दुबे से पहले ऊपर आया।'

बल्ले से अपने निडर रवैये पर इस 24 वर्षीय इस खिलाड़ी ने कहा कि यह टीम प्रबंधन के उन पर दिखाए गए भरोसे के कारण है। उन्होंने कहा, 'जब मैं खेलता हूं तो गेंदबाज पर दबाव बनाने की कोशिश करता हूं। मेरे कप्तान और कोच ने हमेशा मेरा साथ दिया है। वे स्पष्ट हैं कि मुझे अपना स्वाभाविक खेल खेलना चाहिए और जब वे ऐसा कहते हैं तो इससे मुझे आत्मविश्वास मिलता है।'

पंजाब के इस बल्लेबाज़ ने बृहस्पतिवार को नवी मुंबई में महिला विश्व कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया पर शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में पहुंचने के लिए भारतीय महिला टीम की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा,'हम सभी उनका मैच देख रहे थे। जिस तरह से जेमिमा और हरमन ने परिपक्वता से बल्लेबाजी की, वह प्रेरणादायक था। वे वाकई उस ट्रॉफी की हकदार हैं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article